May 21, 2026
000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 मार्च 2025। अतिरिक्त निदेशक कृषि खंड बीकानेर टी.के. जोशी ने बुधवार को श्रीडूंगरगढ़  क्षेत्र का दौरा किया। जोशी ने कार्यालय सहायक निदेशक कृषि विस्तार श्रीडूंगरगढ़ का निरीक्षण किया और अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। जोशी ने अधिकारियों को वित्तीय वर्ष समाप्ति से पूर्व कृषि विभाग द्वारा अनुदानित विभिन्न योजनाओं की शत प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कोई ढ़िलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी कृषि विभागीय योजनाओं का समयबद्ध लाभ, पात्र किसानों को दिलवाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने फील्ड में अनुदानित कृषि योजना घटक वर्मी कंपोस्ट यूनिट, तारबंदी, पाइपलाइन, कृषि यंत्र गोवर्धन जैविक उर्वरक योजना, किसान ई गिरदावरी एवं राजस्व फसल कटाई प्रयोग इत्यादि की प्रगति की पूरी रिपोर्ट ली। गोवर्धन जैविक उर्वरक योजना में कम प्रगति को उल्लेखित करते हुए जोशी ने इस पर कार्य करने के दिशा निर्देश दिए। उन्होंने फसलों की स्थिति का जायजा लिया तथा क्षेत्र के अनेक किसानों के साथ विस्तार से चर्चा की। साथ ही कृषि ज्ञान धारा कार्यक्रम में भाग लेने हेतु कृषकों को प्रोत्साहित करने का आग्रह भी किया। भ्रमण व निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त  निदेशक ने जैतासर में तारबंदी एवं कृषि यंत्र मल्टी क्रॉप थ्रेसर का भौतिक सत्यापन भी किया। इस दौरान रघुवरदयाल सहायक निदेशक कृषि, मानाराम सहायक निदेशक सांख्यिकी,  कृषि अधिकारी महेन्द्र प्रताप व मेघराज सहित सहायक कृषि अधिकारी हितेश जांगिड़, अनिल कुमार एवं फील्ड स्टाफ मौजूद रहा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अतिरिक्त निदेशक टीके जोशी ने किया क्षेत्र का दौरा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अधिकारियों की बैठक लेकर योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट ली।