






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 मार्च 2025। किसानों के लिए खास खबर भारतीय खाद्य निगम की और से आई है। इस बार श्रीडूंगरगढ़ में गेंहू की खरीद एफसीआई द्वारा स्वंय की जाएगी और इसके लिए अधिकारी नियुक्ति के साथ क्षेत्र में कार्य प्रारंभ हो गया है। 10 मार्च से समर्थन मूल्य पर गेंहू की खरीद शुरू होगी। खरीद के लिए पंजीयन प्रारंभ हो गया है। विभाग के क्वालिटी निरीक्षक शिव पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि एफसीआई द्वारा सीधे खरीद की जाएगी तथा इसके लिए रजिस्ट्रेशन प्रारंभ हो गया है। पंवार ने बताया कि खरीद के पश्चात 48 घंटों से पूर्व किसान के खाते में गेहूं का मूल्य एफसीआई द्वारा भुगतान कर दिया जाएगा।
गेंहू का समर्थन मूल्य बाजार भाव से कम 2575 रूपए है, 60 किसानों ने करवाया पंजीयन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गेंहू का समर्थन मूल्य 2575 रूपए प्रति क्विंटल है। वहीं बाजार में इसके भाव इससे अधिक है इसलिए किसानों का रूझान इस ओर कम ही है। बाजार विश्लेषक नई उपज के साथ ही बाजार में भाव कम होने का अंदेशा भी जताया जा रहा है। समर्थन मूल्य पर खरीद की मात्रा गिरदावरी पर निर्भर होगी। संभावना है कि प्रति किसान गिरदावरी के अनुसार खरीद की जाएगी। समर्थन मूल्य पर गेंहू बेचने के लिए किसान 1 जनवरी 2025 से 25 जून 2025 तक पंजीकरण करवा सकते है। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में अभी तक मात्र 60 किसानों ने अपना पंजीयन करवाया है। अब एफसीआई द्वारा क्षेत्र में मुनादी भी करवाई जा रही है।
अप्रैल तक आएगा नया गेंहू, जून तक होगी खरीद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नया गेंहू अभी किसान के खेत में ही खड़ा है। नया गेंहू एक अप्रैल के बाद ही बाजार में आना शुरू होगा। ऐसे में समर्थन मूल्य पर खरीद में भी तब गति आएगी। हालांकि खरीद 10 मार्च से प्रारंभ हो जाएगी और आगामी 30 जून 2025 तक खरीद होगी। इसके लिए किसान पंजीयन 1 जनवरी से 25 जून 2025 तक करवा सकेंगे। समर्थन मूल्य पर गेंहू बेचने के लिए किसान https://mspproc.rajasthan.gov.in/ या https://food.rajasthan.gov.in/ पर जाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीकरण कर सकते है।



