






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 मार्च 2025। आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की तीन खास आयोजनों की तीन खबरें एक साथ, देखें तीनों आयोजनों की फोटो भी।
गुंसाई के कार्यकाल की मनाई वर्षगांठ, ओबीसी मोर्चा ने अभिनंदन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के भाजपा नेता विनोद गिरी गुंसाई को भाजपा ओबीसी मोर्चा में जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारियां निर्वहन करते हुए एक वर्ष का कार्यकाल हो गया है। इस अवसर पर भाजपा ओबीसी मोर्चा द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इसी क्रम में गुरूवार शाम को गुंसाई फार्म हाऊस पर मूल ओबीसी वर्ग की युवती का जीएसटी इंस्पेक्टर बनने पर अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। विदित रहे कि कस्बे के बिग्गबास निवासी प्रियंका पुत्री भगवानाराम स्वामी ने हाल ही में आए एसएससी सीजीएल परीक्षा के परिणामों में सफलता प्राप्त कर जीएसटी इंस्पेक्टर के रूप में चयनित होकर क्षेत्र की युवतियों के समक्ष प्रेरणा प्रस्तुत की है। स्वामी के अभिनंदन के मौके पर ओबीसी मोर्चा द्वारा उन्हें शाल ओढ़ाया गया एवं गुलदस्ता देखकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मिठाई भी खिलाई गई। कार्यक्रम में ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष विनोद गिरी गुंसाई ने प्रियंका की सफलता को क्षेत्र का गौरव बढ़ाने वाला बताया। कार्यक्रम में ओबीसी मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी अशोक महावर, शहर अध्यक्ष नानूराम स्वामी, सेन समाज के ओमप्रकाश नाई, जिला मंत्री नानूराम प्रजापत, अध्यापक अनिल सोनी, दया शंकर शर्मा, जगदीश मोट, शिव मोट आदि उपस्थित रहे।

फिट इंडिया संदेश देने के लिए पांच सौ किलोमीटर की साईकिल यात्रा पर निकले सिंह व वर्मा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। युवाओं को शारीरिक फिटनेस के लिए जागरूक करने एवं शारीरिक गतिविधियों में जुटने का संदेश देने के लिए कस्बे के सामाजिक कार्यकर्ता एडवोकेट रणवीरसिंह खीची एवं उनके साथ केवल वर्मा शुक्रवार को पांच सौ किलोमीटर की साईकिल यात्रा पर रवाना हुए है। खीची ने बताया की शुक्रवार सुबह आडसर बास में स्थित बाबा श्याम मंदिर में धोक लगा कर यात्रा शुरू की गई एवं पांच दिनों में मंडफिया स्थित सावंलिया सेठ के दरबार में पहुंच कर धोक लगाई जाएगी। यात्रा के पहले दिन करीब 100 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर डिडवाना में रात्रि विश्राम किया गया है। दोनों की यात्रा शुरू होने पर बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी मौजूद रहे एवं दोनों यात्रियों को शुभकामनाएं देकर विदा किया।

टीबी मुक्त श्रीडूंगरगढ़ के लिए रोगियों को किया पोषण किट का वितरण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के तहत शुक्रवार को उप जिला चिकित्सालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर टीबी के मरीजों को पोषण किट का वितरण किया गया। इस मौके पर ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजीव सोनी ने टीबी से बचाव एवं उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी एवं टीबी की रोकथाम के लिए जांच करवाने एवं पूर्ण उपचार लेने को प्रेरित किया। सोनी ने उपचार को बीच में छोड़ने से बिमारी बढ़ने की बात कही। इस मौके पर चिकित्सालय प्रभारी डॉ एसके बिहानी भी मौजूद रहे एवं रोगियों को उपचार के बारे में विस्तार से समझाया।




