






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अप्रैल 2025। परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली एक युवती अपनी माँ के गहने व नगदी साथ ले गई। जब पुलिस ने उसे दस्तयाब किया तो बहला फुसलाकर ले जाने वाले युवक व उसकी बेटी ने गहने नगदी लौटाने से इंकार कर दिया। इस पर युवती के पिता ने अपनी पुत्री व युवक के खिलाफ चोरी के आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। इंदपालसर राईकान निवासी गोरधनराम सुथार ने पुलिस को बताया कि 29 मार्च को उसकी 18 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी घर से करीब 10 बजे परीक्षा देने की बात कहकर घर से रवाना हुई। इसी दिन दोपहर दो बजे उसे फोन किया तो उसने कहा फोन ऑफ कर रही हूं परीक्षा प्रारंभ होने वाली है। शाम को जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश प्रारंभ कर दी। परिजनों ने घर संभाला तो पता चला युवती अपनी माँ की संदूक से सोने की रखड़ी सांकली, गलपटियां, लूंग झूमर, 5 अंगूठियां, चांदी की पायल व तागड़ी व 30 हजार रूपए नगदी लेकर निकली है। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने 30 मार्च को युवती को गंगानगर के टीकेएन गोलूवाला, लाखरवाली के मांगीलाल पुत्र कृपाराम मेघवाल के घर से दस्तयाब कर लिया। युवती ने पिता के साथ गांव लौटने से मना कर दिया और युवक के साथ चली गई। परिवादी ने दोनों से रूपए व गहने लौटाने के लिए कहा तो दोनों ने इंकार कर दिया। पिता ने चोरी किए हुए गहने नगदी दिलवाने की मांग पुलिस से की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल बलवीरसिंह को सौंप दी है।



