






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 अप्रैल 2025। मौसम विभाग ने 18 अप्रैल तक प्रदेश भर में हीटवेव चलने का अलर्ट जारी किया है। 18 से एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार है। अलर्ट के चलते जिले भर में लू व तापघात के मरीजों के लिए अस्पतालों में विशेष प्रबंधन किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। मंगलवार को उपखंड अधिकारी उमा मित्तल उपजिला अस्पताल पहुंची और लू तापघात के पीड़ितों के लिए बनाए गए वार्ड का निरीक्षण किया। मित्तल ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया व विशेष प्रबंधन के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव सोनी, उपजिला अस्पताल प्रभारी डॉ एसके बिहाणी मौजूद रहें। मित्तल ने सोनी को उपखंड क्षेत्र के सभी चिकित्सा संस्थानों पर लू तापघात के रोगियों के शीघ्र उपचार हेतु जरूरी ओआरएस व आइस बॉक्स पर्याप्त संख्या में रखने के निर्देश दे दिए गए है। वहीं लू तापघात से बचाव के लिए जागरूकता स्लोगन परिसर की दीवारों पर लगवाने के निर्देश भी दिए गए है। उपजिला अस्पताल प्रभारी डॉ एसके बिहाणी को मित्तल ने अस्पताल परिसर की नियमित सफाई करवाने, लू तापघात हेतु बनाए गए वार्ड को वातानुकूलित रखने, मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के बैठने व शीतल पेयजल की समुचित व्यवस्था करवाने के निर्देश दिए।




