






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अप्रैल 2025। श्रीडूंगरगढ़ की बेटी बबीता शर्मा पुत्री गोपालराम शर्मा के बहादुरी भरी कारनामे के कारण आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचन क्षेत्र बनारस की देश भर में चर्चा हो रही है। गुरूवार दोपहर वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर बबीता ने बिना एक पल गवांए फुर्ती दिखाते हुए एक माँ बेटी की जान बचा ली। घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें सोशल मीडियो पर महिला कॉन्स्टेबल की लोग खूब सराहना कर रहें है। कैंट इंस्पेक्टर संदीप यादव ने मीडिया को बताया कि लोहटिया निवासी ओमप्रकाश शर्मा व उनकी पत्नी राजकुमारी और बेटी बॉबी चंदौली में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गुरूवार दोपहर करीब 2.30 बजे कैंट से कोटा-पटना ट्रेन पकड़ने का प्रयास कर रहें थे। उनकी पत्नी का पैर फिसल गया और वे प्लेटफॉर्म व ट्रेन के पायदान के बीच फंस गई। उन्हें बचाने के दौरान बेटी भी बिल्कुल किनारे आ गई। यह देख महिला कॉन्स्टेबल बबीता शर्मा ने बिना किसी देरी के बुजुर्ग महिला को खींच लिया। साथ ही उनकी बेटी को प्लेटफॉर्म के किनारे से बाहर किया। बेटी को सही सलामत देख बुजुर्ग पिता की आंखें भर आई और उन्होंने बबीता का आभार जताया। पूरे परिवार ने बबीता को बार बार धन्यवाद ज्ञापित किया। वहीं घटना के सामने आने पर रेलवे के अधिकारियों ने भी उनके कार्य की सराहना की और जानकारों ने भी बबीता को शुभकामनाएं दी। बबीता ने श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स को बताया कि 2019 से वे रेलवे में सेवारत है और फिलहाल वाराणसी कैंट पर तैनात है। उनके साथियों ने बताया कि बबीता अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा से करती है। आप भी देखें बहादुर बेटी के कारनामे का पूरा वीडियो और करें सराहना:- https://www.facebook.com/share/v/1NhZUVqmD1/



