






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अप्रैल 2025। बीकानेर जिले की भीषण गर्मी में बीकानेर कांग्रेस का पारा इन दिनों हाई है। ईडी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन तेज हो रहा है। गुरूवार को बीकानेर के बाद शुक्रवार को व्यापक प्रदर्शन श्रीडूंगरगढ़ उपखंड मुख्यालय पर किया गया है। कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता ईडी द्वारा कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी व लोकसभा में प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी के नाम सहित कई नेताओं के नाम मनी लांड्रिंग में शामिल करने का विरोध कर रहें है। कांग्रेसी नेता केंद्र सरकार पर तानाशाह होने व नफरत व डर की राजनीति करने का आरोप लगा रहें है। उपखंड कार्यालय के बाहर जबरदस्त नारेबाजी की गई और प्रधानमंत्री मोदी का पुतला भी जलाया गया। प्रदर्शन में देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सिहाग व विधानसभा प्रभारी रामदेव ढाका का सान्निध्य रहा। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए बिशनाराम सिहाग ने कहा कि भाजपा ने द्वेषभावना से कांग्रेस नेताओं के साथ कार्रवाई की है। भाजपा सरकार ने तानाशाही अपनाकर हमारे नेताओं पर जोर जबरदस्ती करते हुए ईडी का दुरुपयोग कर सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ चार्जशीट पेश की है। लेकिन हम देशभर के कांग्रेसी पूरी तरह से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ हैं। पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने कहा कि राहुल गांधी मोदी सरकार के झूठ के सामने चट्टान की तरह खड़े है। वे लोकतंत्र के सच्चे सिपाही की तरह लड़ाई लड़ रहें है जो मोदी सरकार को सहन नहीं हो रहा है और मोदी सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से ईडी का उपयोग कर रही हैं। पीसीसी सदस्य हरिराम बाना ने कहा कि भाजपा के निजीकरण, बेरोजगारी, किसान व मजदूर विरोधी रणनीतियों के खिलाफ देशभर के युवाओं में रोष है। भाजपा के नेता ईडी का सहारा लेकर कांग्रेस के सब्र का इम्तिहान ले रही है। प्रदेश महासचिव मूलाराम भादू ने कहा कि सुरक्षा एंजेंसियो का विपक्ष को दबाने के लिए मनचाहा प्रयोग शर्मनाक है, भाजपा अपनी खीझ निकाल रही है जिसे हर एक कांग्रेसी समझ रहा है। रीड़ी सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़ ने कड़ा रोष जताते हुए अपने नेताओं का साथ देने की बात कही। सूडसर ब्लॉक अध्यक्ष श्रीराम भादू व जिला महासचिव भगवाननाथ कलवानियां ने कहा कि भाजपा की डराने व राज करने की नीति की पोल अब खुल चुकी है, ऐसे में इनके सभी प्रपंच जनता के सामने फैल होने लगे है। प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख, प्रधान प्रतिनिधि केसराराम गोदारा, विमल भाटी, सोहनराम महिया, संतोष गोदारा, मनोज पारख, राधेश्याम सारस्वत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल रहें।







