






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 मई 2025। श्रीडूंगरगढ़ शहर हो या ग्रामीण अंचल आमजन अतिक्रमण से खासे परेशान है। अतिक्रमणकारी श्मशान की भूमि पर भी कब्जे से बाज नहीं आ रहें है। गांव दुसारणा पण्डरीजी में नायक समाज के लोगों ने उपखंड अधिकारी को शिकायत करते हुए अतिक्रमण हटवाने की मांग की है। समाज के लोगों ने बताया कि उनके समाज की श्मशान भूमि खसरा नंबर 89 तादादी 2.8700 हैक्टेयर स्थित है। इस भूमि पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर लिया। तहसीलदार ने धारा 91 में नोटिस भी जारी किए परंतु अभी तक अतिक्रमण नहीं हटाए गए है। लोगों ने बताया कि प्रशासन से अनेक बार अतिक्रमण हटवाने व अंतिम संस्कार के लिए भूमि रक्षित करने की मांग कर चुके है। वहीं इस भूमि में जो भूमि बची है वहां मृत पशुओं के शव डाले जा रहें है। समाज के लोगों ने विरोध करते हुए कहा कि अनेक बार मना करने पर भी मृत पशु उठाने के ठेकेदार द्वारा इस भूमि पर मृत पशुओं के शव डाले जा रहें है। जिससे समाज के लोग बुरी तरह से परेशान हो रहें है। मृत पशुओं के शव की दुर्गंध से यहां अंतिम संस्कार करने के दौरान खड़े रहना भी दूभर हो गया है। समाज के लोगों ने भूमि अतिक्रमण मुक्त करवाने व यहां मृत पशु शव नहीं डालने के लिए ठेकेदार को पाबंद करवाने की मांग की है।





