






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 जून 2025। मंगलवार सुबह जब क्षेत्र वासी उठे तो बादलों से अटे आसमान ने खुशनुमा स्वागत किया। शहर की अनेक गलियों में पानी भर गया है और बाजार खुलने से पहले व्यापारी पानी पार कर दुकानों तक पहुंचे, ऐसे में बाजार भी देरी से खुल रहा है। गलियों में बच्चे बरसात में अठखेलियाँ करते नजर आए वहीं सुबह के नाश्ते में हलवा और पकौड़ों की महक से रसोई महक उठी। खेतों किसानों के चेहरे खिल गए है। सिंचित किसान 8-10 अंगुल बरसात से प्रसन्न हुए है कि मूंगफली बिजाई में खासी मदद मिलेगी वहीं बारानी किसानों ने जेठ की बाजरी बुवाई की तैयारी प्रारंभ कर दी है। किसान ताराचंद श्रीडूंगरगढ़ रोही, किशन जाखड़ सातलेरा, तोलाराम भूकर मनकरासर, दशरथ सिंह बिग्गाबास रामसरा, बाबूलाल सहू कुंतासर, दिनेश प्रजापत आडसर पुरोहितान, भंवरसिंह कोटासर, रामस्वरूप जाखड़ व हीरालाल बिग्गाबास रामसरा ने प्रसन्नता जताते हुए किसानों के लिए फायदेमंद बताया। किसानों ने बताया कि कई सालों बाद जेठ में अच्छी बरसात देखी है। जिससे बाजरी की बुवाई हो सकेगी। पूरे अंचल में छाए ठंडे मौसम में माहौल खुशनुमा हो गया है।



























