






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 जून 2025। क्षेत्र के 4 गांवों में आतंक का माहौल बनाने वाले ढोंगी तांत्रिक के ठिकाने पर प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई मंगलवार को दिन भर चली। यहां दो कमरों, एक होटल, दो झोंपडो को नेस्तानाबूत करने के बाद एक बार कार्रवाई रोक दी गई थी। क्योंकि गांव के बुलडोजर द्वारा मंदिर पर जेसीबी चलाने से मना कर दिया गया था। इसके बाद प्रशासन द्वारा श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका की जेसीबी को मौके पर बुलाया गया व मंदिर सहित सम्पूर्ण अतिक्रमण हटा दिया गया है। तहसीलदार कुलदीप मीणा ने बताया कि यहां करीब 1.5 बीघा भूमि पर निर्माण किया हुआ था जिसे हटा दिया गया है। वही इस निर्माण के साथ करीब 80 बीघा से अधिक भूमि पर तारबंदी की हुई थी, जिसे भी हटाया गया एवं ग्राम पंचायत को गोचर सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी दी गई है।
अवैध था मंदिर, नहीं हुआ कोई अनुष्ठान, बना भय का कारण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अपने जीवन में पीड़ित आमजन शनि देव के नाम से आराम से डर जाते है। इसी का फायदा उठा कर नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म के आरोपी तांत्रिक ने गोचर में शनिदेव का मंदिर स्थापित कर लिया व उनके नाम पर झाड़ फूंक भी करने लगा। इस काऱण आसपास के 4 गांवों में तांत्रिक का खासा भय फैला हुआ है एवं इन गांवों के ग्रामीण खुल कर सामने अभी भी नहीं आ रहे। बताया जा रहा है कि इस मंदिर की स्थापना भी बिना किसी अनुष्ठान के की गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर में कोई प्राण प्रतिष्ठा नहीं की गई थी। मंदिर के बहाने से लोगो को डराने का केंद्र बने इस ढांचे के गिरने के बाद ग्रामीणों में भी भय खत्म हुआ है।
क्षेत्रवासियों ने सराही प्रशासन की कार्रवाई।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आरोपी द्वारा गोचर की भूमि पर किए गए अतिक्रमण में प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाते हुए कच्चे पक्के निर्माण को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया है। जागरूक लोगों ने कार्रवाई की सराहना करते हुए, प्रशासनिक दल का आभार भी जताया।




