May 21, 2026
WhatsApp Image 2025-06-20 at 20.12.19

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 जून 2025। श्रीडूंगरगढ़ में नशे का बढ़ता कारोबार पुलिस के लिए भी सिरदर्द बन गया है। शुक्रवार को पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस दल ने इस कार्रवाई में एक क्विंटल से अधिक डोडा पोस्त बरामद कर दो युवकों को पकड़ लिया व बोलेरो कैंपर जब्त की है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम पुलिस ने एक बोलेरो कैंपर गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, परंतु पुलिस को देखकर बोलेरो सवार ने अपनी गाड़ी को ताबड़तोड़ भगा दिया। पुलिस टीम ने गाड़ी का पीछा किया व गांव ठुकरियासर की गोचर रोही में गाड़ी फंसकर रूक गई। तुरंत बोलेरो का पीछा कर रही एसआई मोहनलाल की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बोलेरो की तलाशी लेने पर 1 क्विंटल से अधिक डोडा पोस्त बरामद किया है। गाड़ी सवार ठुकरियासर निवासी विकास पुत्र बजरंगलाल भामूं व पवन पुत्र जुगराज नाई को पकड़ लिया है। वहीं ठुकरियासर रोही में पुलिस टीम द्वारा थानाधिकारी के निर्देशन में कार्रवाई अभी जारी है। देर रात तक इस संबंध में मामला दर्ज करने की कार्रवाई पूरी की जाएगी।