May 21, 2026
WhatsApp Image 2025-06-20 at 20.53.47

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 जून 2025। जनकल्याणकारी सरकार आमजन की बेहतरी के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन करती है, और इन योजनाओं के माध्यम से आमजन का जीवन स्तर ऊपर उठाने के प्रयास किए जा रहें है। दैनिक, मासिक या वार्षिक बचत भी जीवन में बेहतरी के साथ सुरक्षा भाव को बढ़ाने में सहायक है। ऐसे में डाक विभाग के कार्यों का भी आम जन जीवन में बड़ा योगदान रहता है। इसमें निरंतर सुधार हो और कार्मिक निष्ठा से अपनी सेवाएं देकर इन्हें जन जन तक पहुंचाए। ये विचार उपखंड अधिकारी उमा मित्तल ने डाक सामुदायिक विकास कार्यक्रम में व्यक्त किए। मित्तल ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल डाक विभाग के कार्मिकों को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बीकानेर मंडल के डाकघर अधीक्षक मोहनलाल बिजारणियां ने विभिन्न डाकघर योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डाक सामुदायिक विकास कार्यक्रम एक नया दृष्टिकोण है जिसका उद्देश्य डाक सेवाओं की जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि नायब तहसीलदार रमेशसिंह चौहान शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन निरीक्षक डाकघर उपमंडल बीकानेर प्रेमसिंह ने किया। प्रेमसिंह ने स्टाफ को विभाग के आईटी 2.0 प्रोग्राम की ट्रैनिंग देते हुए पिन कोड के साथ नव आरम्भ हो रहे डिजीपिन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विभाग की योजनाएं ग्रामीण स्तर पर हर घर तक पहुंचाने के निर्देश स्टाफ को देते हुए बताया कि इस प्रोग्राम के तहत बीकानेर मण्डल द्वारा नए ग्राहक जोड़ते हुए 2000 से भी अधिक खाते खोले गए है। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए डाक विभाग की शाखा डाकपाल अनु कुमारी, चंदाराम गोदारा, गणेश, जेठाराम, केसुराम, सहायक शाखा डाकपाल गोविंद, विजयपाल जाट, अंकित, अजय, डाक अधिदर्शक दिलीपसिंह चौधरी, अशोक विश्नोई को सम्मानित किया गया। आयोजकों द्वारा अतिथियों का भी स्वागत सम्मान किया गया। उपडाकपाल श्रीडूंगरगढ़ रामकृष्ण तिवारी ने अतिथियों को उपडाकघर का विजिट करवाया व सेवाओं के बारे में जानकारी देते हुए सभी का आभार जताया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। समारोह में श्रेष्ठ कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित किया गया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उमा मित्तल का सम्मान किया गया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई।