May 20, 2026
WhatsApp Image 2025-08-01 at 14.35.29

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 अगस्त 2025। आदर्श विद्या मंदिर के सभागार में अखिल भारतीय साहित्य परिषद के बैनर तले गुरूवार शाम को गोस्वामी तुलसीदास जयंती समारोह का आयोजन किया गया। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सरोज पूनियां ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए तुलसीदास की प्रत्येक चौपाई और दोहे को प्रामाणिकता की कसौटी पर खरे उतरने की बात कही। उन्होंने परिषद के साहित्यिक आयोजन की सराहना करते हुए इसे भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणीय बताया। समारोह के मुख्य वक्ता रविन्द्र उपाध्याय ने तुलसीदास के संपूर्ण जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला। उपाध्याय ने बताया की किस प्रकार बाल्यावस्था से ही अनेक कठिनाइयों का सामना करते हुए संपूर्ण मानव जाति को राम भक्ति और श्रद्धा का पाठ पढ़ाया। समकालीन सभी विद्वानों ने उनकी विद्वता व भक्ति भाव का लोहा माना और उनके समक्ष शीश झुकाया। रामचरितमानस एवं हनुमान चालीसा की रचना के संपूर्ण इतिहास की जानकारी दी। तेरापंथ महिला मंडल संरक्षिका दीपमाला डागा भी मंचासीन रही। परिषद की इकाई अध्यक्ष भगवती पारीक ने सभी अतिथियों का स्वागत सम्मान किया। इससे पूर्व सेवा कुंज छात्रावास की बालिकाओं द्वारा दीप मंत्र का उच्चारण किया व अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह प्रारंभ किया। कार्यक्रम में अंबिका डागा, कमल कुमार एवं आसाराम पारीक ने भी विचारों की प्रस्तुति दी। राजस्थानी कवि व साहित्यकार छैलूदान चारण ने मंच संचालन करते हुए बेटी पर मार्मिक कविता प्रस्तुत कर सभी को भाव-विभोर किया। कार्यक्रम में अनेक संस्थाओं के गणमान्य नागरिक, प्रबुद्ध जन, अध्यापक गण व मातृ शक्ति सहित सेवा धाम के बालक बालिकाएं शामिल हुए। इस दौरान उपन्यासकार सम्राट मुंशी प्रेमचंद को याद किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक और पाथेयकण के लंबे समय तक संपादक रहे माणकचंद को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सीबीईओ सरोज पूनियां ने साहित्यिक समारोह की अध्यक्षता की, तुलसी जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के अनेक प्रबुद्धजन समारोह में शामिल हुए।