






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 अगस्त 2025। लगातार कट रही खेजड़ी और ग्लोबल वॉर्मिंग का असर और इसके दुष्प्रभाव अब आमजन भी दैनिक जीवन में महसूस करने लगे है। ऐसे में समाज के प्रत्येक वर्ग को अपने घर, खेत, गांव में पौधे लगाने और उनका पालन करने के प्रति चिंतित होना ही पड़ेगा। ये बात समाजसेवी व भारतीय किसान संघ के नेता तोलाराम जाखड़ ने कही, और मौका था गांव इंदपालसर हीरावतान में पौधारोपण व वितरण कार्यक्रम का। जाखड़ ने गांव में खेतों के रास्ते पर अपने सहयोगियों के साथ 35 छायादार वृक्षों के पौधे लगाए और वहीं ग्रामीणों को जिम्मेदारी के साथ पौधों लगाने व उसका पालन करने का संकल्प दिलवाते हुए 600 पौधों का वितरण किया है। जाखड़ ने ग्रामीणों से समझाईश करते हुए कहा कि प्रति व्यक्ति को कम से कम पांच पेड़ लगाकर उनका पालन करने के दायित्व का निर्वहन करना चाहिए। जिससे प्रकृति के प्रति उनकी आस्था व कर्तव्य निर्वहन हो सकें। इस दौरान नीम, पीपल, शीशम, अनार, अमरूद, नींबू सहित विभिन्न प्रकार के फलदार व छायादार वृक्षों के पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम में गांव के रामप्रताप जाखड़, ठेकेदार लक्ष्मण राम जाखड़, अजीतसिंह, राजूराम जाखड़, श्रवण कुमार जाखड़ सहित अनेक बच्चे सक्रिय रहें व पौधारोपण में सेवा सहयोग दिया।




