May 21, 2026
WhatsApp Image 2025-08-16 at 22.42.57

आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की 5 खास खबरें एक साथ, देखें सभी आयोजनों के फोटो भी।

1- पूर्व प्रधानमंत्री को किया नमन, दी पुष्पांजलि।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अगस्त 2025। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर भाजपा कार्यालय में शनिवार सांय श्रृद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें उनके चित्र पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पाजंलि चढ़ाते हुए नमन किया। इस दौरान श्रीडूंगरगढ़ विधायक ने वाजपेयी को भारतीय राजनीति में अजातशत्रु बताते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश ड़ाला एवं उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित की राजनीति में सक्रिय रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा देहात जिला उपाध्यक्ष हेमनाथ जाखड़, नगर मंडल अध्यक्ष राधेश्याम दर्जी, महामंत्री मदन सोनी, संपत पारीक, बजरंग शर्मा, सुभाष आचार्य, मोमासर मंडल अध्यक्ष नरेश मोट, भवानीप्रकाश तावनियां, महेश राजोतिया, पार्षद जगदीश गुर्जर, रामसिंह जागीरदार, पवन इंदौरिया, भगवान सिंह, संतोष ओझा बिग्गा, मनीष गिरी जैसलसर, लक्ष्मीनारायण सेवग बिग्गा, ओमप्रकाश कड़ेल बाना सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे एवं वाजपेयी को नमन किया।

2- अब जबरन कार्य करने पर उतरा ठेकेदार, चोरी-छीपे जारी है कार्य, ग्रामीणों ने जताया रोष।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अगस्त 2025। क्षेत्र के गांव समंदसर के राउमावि में बन रहे एक नए कमरे के निर्माण में गुणवत्ता न्यून मिलने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा ठेकेदार फर्म को निर्देशित कर कार्य बंद करने को कहा गया था। लेकिन ठेकेदार जबरन कार्य करने पर उतर गया है एवं विद्यालय समय के बाद व रात में मौका मिलते हुए चोरी छीपे कार्य को पूर्णता की और ले जा रहा है। ऐसे में ग्रामीणों में रोष एवं ग्रामीणों ने 14 अगस्त को ठेकेदार को कार्य करवाते हुए पकड़ा व कार्य रूकवाया तो समग्र शिक्षा के अतिरिक्त जिला परियोजना अधिकारी द्वारा ठेकेदार फर्म एसडी कंस्ट्रक्शन को दुबारा नोटिस देते हुए कार्य पूर्णतया बंद करने को कहा गया एवं इसके अभाव में सख्त कार्यवाही करने की चेतावनी दी गई। गांव के युवा नेता मांगीलाल गोदारा ने बताया कि 14 अगस्त को दिए गए चेतावनी नोटिस के बाद भी 15 अगस्त के दिन भी ठेकेदार द्वारा कार्य करवाया गया। इस पर ग्रामीण एकत्र हुए एवं कार्य बंद करवाते हुए रोष जताया है। ग्रामीणों ने कमरे के निर्माण मापदंडों के अनुरूप् नहीं होने के कारण उसे गिराने एवं नए सिरे से बनवाने की मांग की है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 15 अगस्त के दिन भी ठेकेदार ने किया बंद कार्य को पुरा करावने का प्रयास, ग्रामीणों ने रोका।

3- लाल झंडे के सिपाही का किया स्वागत, स्मार्ट मीटर के विरोध में खुल कर आने का आह्वान।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अगस्त 2025। लाल झंडे के सिपाही एवं माकपा प्रदेश सचिव किशन पारीक के बीकानेर जाते समय क्षेत्र के माकपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया की अगुवाई में स्वागत किया। शेरूणा के तेजा गार्डन में आयेाजित इस स्वागत कार्यक्रम में माकपा तहसील सचिव मुखराम गोदारा, पूर्व तहसील सचिव अशोक शर्मा, खेत मजदूर यूनियन के तहसील अध्यक्ष एवं टेऊ सरपंच सुनील मेघवाल, सचिव शेखर रैगर, उप सरपंच लालूराम सारण, किसान सभा तहसील अध्यक्ष भंवरलाल भूवाल, सचिव राजेंद्र जाखड़, कोषाध्यक्ष सतुनाथ सिद्ध, गोपाल भादू सहित जनवादी संगठनों के कार्यकर्ता, पदाधिकारी मौजूद रहे। स्वागत के दौरान पारीक ने अपने हकों के लिए खुल कर लड़ने का वक्त आ जाने की बात कही एवं पूर्व विधायक महिया ने स्मार्ट मीटर के विरोध में आगामी 19 अगस्त को श्रीडूंगरगढ़ में होने वाले विरोध प्रदर्शन में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर अपने घरों का बजट बचाने के लिए सड़क पर उतरने का आह्वान किया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। माकपा प्रदेश सचिव का अभिनंदन करते पूर्व विधायक।

4- 19 अगस्त के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का न्यौता देने गांवों में पहुंचे किसान नेता।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अगस्त 2025। अखिल भारतीय किसान सभा द्वारा आगामी 19 अगस्त को श्रीडूंगरगढ़ में स्मार्ट मीटर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों से शामिल होने का न्यौता लिए किसान सभा के कार्यकर्ताओं की टोलियां गांवों में पहुंच रही है। शनिवार को गांव लखासर, समंदसर, पूनरासर, माणकरासर, बिंझासर, लोडेरा, गुसांईसर बड़ा और डेलवा पहुंची। टोली में शामिल गिरधारीलाल जाखड़, मुकेश ज्याणी, मामराज आंवला, मघाराम मेघवाल आदि किसान नेताओं ने पेंपलेट वितरण करते हुए ग्रामीणों से अपने घरों में नए मीटरों के माध्यम से होने वाली लूट से बचने के लिए विरोध प्रदर्शन में अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव गांव पहुंच रही है किसान नेताओं की टोली, 19 अगस्त को श्रीडूंगरगढ़ पहुंचने का आह्वान।

5- जिस कार्यालय से निकले आदेश, उसी के सामने दो घंटे में गौवंश से दो हादसे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अगस्त 2025। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में नेशनल हाईवे पर आए दिन बेसहारा गौवंश से हादसों की खबरें देखते है एवं इन हादसों को देखते हुए श्रीडूंगरगढ़ एसडीएम द्वारा इन गौवंश को क्षेत्र की गौशालाओं में डालने के आदेश दिए थे। हालांकी इन आदेशों की पालना में पालिका द्वारा प्रतिदिन बेसहारा गौवंश को पकड़ कर गौशालाओं में भेजा तो जा रहा है लेकिन इनकी संख्या इतनी अधिक है कि ये प्रयास सफल नहीं हो पा रहे है। शनिवार शाम को एसडीएम कार्यालय के सामने ही दो घंटें में हुए दो हादसों में दो गौवंश वाहनों की टक्कर से घायल हो गए। इन गौवंशों को आस पास के लोगों एवं आपणो गांव सेवा समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा आपसी सहयोग से नागौर गौ-चिकित्सालय तक भेजा गया है। क्षेत्रवासियों ने इस संबध में वृहद अभियान चला कर कस्बे से सभी गौवंश गौशालाओं में डलवाने की मांग की है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। एसडीएम कार्यालय के बाहर से हादसे में घायल गौवंश को संभालते गौसेवक।