






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अगस्त 2025। आधी रात को क्षेत्र के एक गांव से 21 वर्षीय युवती को ढाणी के बाहर से चार युवक गाड़ी में जबरन उठाकर ले गए। युवती को करीब 12 दिन बंधक बनाकर रखा व दुष्कर्म किया। युवती को एसपी ऑफिस पेश होने के दौरान ले जाते समय श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस की नाकेबंदी में दस्तयाब कर लिया गया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक बेरासर, राजगढ़ निवासी देवेंद्र पुत्र रणधीरसिंह पूनियां सहित उसके सहयोगी उसके परिवार के ही युवक लोकेश, संदीप व धर्मवीर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। आरोपी एक डिफेंस एकेडमी चलाता है। इसी कोचिंग में पीड़िता का भाई पढ़ता है व आरोपी लंबे समय से उसका पीछा कर रहा था। दो तीन बार उसे उठाकर ले जाने की धमकी भी दी। 27 जुलाई 2025 को आरोपी रात करीब 11 बजे उसकी ढाणी के बाहर गाड़ी लेकर आया और हॉर्न बजाया। पीड़िता के गेट से बाहर निकली तो आरोपी व उसके दो साथियों ने उसे जबरदस्ती उठाकर कार में ले गए। आरोपी ने पिस्तौल निकालकर उसे धमकाया व जबरदस्ती जयपुर स्थित अपने रिश्तेदार के घर ले गया। उसे चाय में नशे देकर आर्य समाज के मंदिर ले गए और कुछ कागजात पर हस्ताक्षर करवा लिए। उसके बाद 6 अगस्त तक उसे बंधक बनाकर रखा व आरोपी ने कई बार जबरन दुष्कर्म किया। 7 अगस्त को आरोपी उसे बीकानेर एसपी के यहां पेश होने के लिए ले जा रहें थे। आरोपी ने दो पिस्तौल दिखाई व शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। रात करीब 4 बजे श्रीडूंगरगढ़ पुलिस की नाकेबंदी में युवती को पुलिस द्वारा दस्तयाब कर लिया। पीड़िता के पिता को थाने बुलाया गया जिसने गुमशुदगी थाने में दर्ज करवा रखी थी। पुलिस ने पीड़िता को पिता के सुपुर्द कर दिया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे पानी व चाय में नशे की गोलियां देकर रखता था। पीडि़ता ने 12 अगस्त को श्रीडूंगरगढ़ थाने में मामला दर्ज करवाया। जिसकी जांच सीओ निकेत पारीक द्वारा की जा रही है।



