






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अगस्त 2025। एक पति ने दूसरी महिला के उकसाने पर अपनी पत्नी व तीन बच्चियों की माँ के प्राण लेने का प्रयास किया। पत्नी ने थाने पहुंच मामला दर्ज करवाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। धोलिया रोड निवासी 34 वर्षीय सोनू सोनी ने अपने पति राजेश कुमार पुत्र जगदेव सोनी के खिलाफ आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि उसका पति सोने चांदी की दुकान करता है और आए दिन शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी एक फेसबुक आईडी जो पूजा खिची के नाम से है, के साथ मिलकर उसे जान से मारने की साजिश रचता है। पीड़िता ने बताया कि उसने दोनों की चेट पढ़ी, जिसमें आरोपी महिला ने पीड़िता का काम तमाम करने के लिए उकसाया व तकिए से मारकर उसके पति के साथ रहने की बात कही थी। आरोपी पति ने 7 अगस्त की रात 12 बजे उसे मारने का प्रयास किया। जहां तीन बेटियां सो रही थी। आरोपी ने उसके मुंह पर तकिया लगाकर जोर से दबाया जिससे वह चिल्ला नहीं सकी, परंतु जोर जोर से हाथ पैर मारने लगी तो बच्चियां रोने लगी। जिस पर आरोपी ने उसे छोड़ दिया व किसी भी समय जान से मारने की बात कही। पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद वह डर के मारे दो दिन सोई नहीं और 9 अगस्त को राखी बांधने के बहाने से बेटियों को लेकर पीहर राजलदेसर चली गई। जहां घटना अपने परिजनों को बताई। पीड़िता ने थाने पहुंच कर मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई मोहनलाल को सौंप दी है।



