






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अगस्त 2025। आधी रात को जब जन-जन के प्रिय भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ श्रीडूंगरगढ़ का गगन पटाखों से और धरती जयकारों से गूंज उठी। मंदिरों व घरों में घंटियां, शंख व थालियों के स्वर गूंज उठे। घर-घर में भगवान कृष्ण की झांकी सजाई गई और पूजन आरती के आयोजन संपन्न हुए। ठाकुरजी के मंदिरों में जमकर आनंद बरसा और थालियां बजाते हुए जय कन्हैयालाल के जयकारों से गूंज उठे। आरती दर्शन कर लोगों ने लाभ उठाया व श्रद्धा पूर्वक नंदोत्सव मनाया। आड़सर बास के ठाकुरजी मंदिर में भजन कीर्तन के साथ खूब उत्सव मनाया गया। यहां लड्डूगोपाल सजाकर लाने वालों को पुरस्कृत किया गया, खिलौने वितरित किए व छप्पन भोग का प्रसाद भोग लगाकर श्रद्धालुओं को वितरित किया गया। झूलेलाल मंदिर में भजन गीतों पर मनमोहक बाल प्रस्तुतियां हुई। बड़ी संख्या में शामिल श्रद्धालुओं ने उल्लास के साथ जयकारे लगाए। मटकी फोड़ कार्यक्रम के साथ आयोजन संपन्न हुआ। गांव लिखमादेसर के ठाकुरजी मंदिर प्रांगण में जबरदस्त उल्लास के साथ कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। श्रद्धा और उल्लास के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए। पारंपरिक पूजन संपन्न किया गया व भजन कीर्तन के साथ भक्तिमय आयोजन मटकी फोड़ कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ।

































