






1- हर दिन साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है शैक्षिक उत्थान का सपना, आज की बैठक में हुए लाखों समर्पित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अगस्त 2025। किसान वर्ग की बेटियों को श्रीडूंगरगढ़ उपखण्ड़ मुख्यालय पर शिक्षा ग्रहण हेतु उचित एवं सुरक्षित व्यवस्थाएं मिल सके इसके लिए संत कर्मा बाई बालिका छात्रावास का निर्माण करवाया जा रहा है एवं छात्रावास समिति की साप्ताहिक बैठक रविवार को छात्रावास परिसर में समिति अध्यक्ष एडवोकेट श्यामसुंदर आर्य की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के गांव बींझासर निवासी अमरीदेवी पत्नी सुरजाराम नैण की स्मृति में सोहनलाल, नानूराम, मघाराम नैण द्वारा तीन लाख रुपए की लागत से कमरा निर्माण की घोषणा की गई व बींझासर निवासी खींयाराम पुत्र नानकराम भूकर द्वारा भी 1 लाख रुपए की सहयोग राशी छात्रावास प्रबंधन को प्रदान की गई है। मौजूद समाज के लोगों ने दोनो परिवारों का आभार जताया गया एवं इस दौरान नेताराम गोदारा, श्रवण कुमार भाम्भू, चुन्नाराम गोदारा, गंगाराम गोदारा, प्रेम कुमार भादू, तोलाराम कड़वासरा, तोलाराम नैण, मुखराम नैण, पूर्णाराम नैण, भगवानाराम नैण, हंसराज गोदारा, मालाराम जाखड़, हेतराम जाखड़, श्रवणराम जाखड़, केशराराम जाखड़, नारायण जाखड़, कानाराम जाखड़, गोपाल महिया, विक्रम महिया, सुशील सेरडिया आदि उपस्थित रहे।

2- राजकीय चिकित्सालय में चर्म रोग विशेषज्ञ की सेवाएं शुरू।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अगस्त 2025। श्रीडूंगरगढ़ उपजिला चिकित्सालय में चिकित्सकों की कमी के कारण व्यवस्थाएं चरामराई हुई है एवं इस बीच एक सुखद खबर निकल कर सामने आ रही है यहां लंबे समय से खाली पड़े चर्म, यौन एवं कुष्ठ रोग विशेषज्ञ पद पर डॉ ताराचंद गोदारा ने पदभार ग्रहण कर लिया है। डॉ गोदारा इससे पूर्व श्रीगंगानगर में सेवाएं दे चुके है एवं पीबीएम में विशेषज्ञता प्राप्त करने के बाद श्रीडूंगरगढ़ में नियुक्ति हुई है। अब क्षेत्र में चर्म रोग जैसे दाद, खाज, खुजली, फोड़े, फुंसिया, पिंपल्स, बाल झड़ने आदि से जुड़ी समस्यों का सरकारी उपचार ले सकेगें। विदित रहे कि यह सेवा पहले उपलब्ध नहीं होने के कारण क्षेत्रवासियों को निजी चिकित्सालयों में महंगा उपचार लेना पड़ता था एवं अब क्षेत्र के रोगी इससे लाभांवित हो सकेगें।





