






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अगस्त 2025। स्वतंत्रता दिवस के पश्चात स्कूलों में खेल प्रतिभाओं के लिए विशेष अवसर आ गया है। सरकारी व निजी स्कूलों में 69वीं स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता का उत्साह नजर आने लगा है। खिलाड़ी अपने खेल प्रदर्शन की तैयारी में जुट गए है। स्कूलों में शारीरिक शिक्षक भी जीत की गणित सेट करने के लिए खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहें है। स्कूली खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन इसी माह प्रारंभ होंगे। कुछ खेलों में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी श्रीडूंगरगढ़ अंचल की स्कूलों को मिली है। वहीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जिले में केवल एक खेल योगासन की मेजबानी मिली है। ये मौका श्रीडूंगरगढ़ के अग्रणी शिक्षण संस्थान भारती निकेतन को मिला है। पढ़िए खबर विस्तार से-
चार समूह में होंगे 33 खेलों के आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता में 33 खेल लिए गए है जिन्हें चोर समूह में बांटा गया है। इनमें प्रथम समूह में बॉलीबाल, भारोत्तोलन, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, फुटबाल, रग्बी फुटबाल, कुश्ती, योगासन, बॉक्सिंग, खो-खो, साईक्लिंग ट्रेक शामिल है। द्वितीय समूह में तीरंदाजी, ताईक्वांडो, कबड्डी, टेबल टेनिस, नेटबॉल, हॉकी, राईफल शूटिंग, शतरंज, कराटे, वुशु शामिल है। तृतीय समूह में जूडो, लॉन टेनिस, सॉफ्टबॉल, क्रिकेट, साईक्लिंग रोड, मलखंभ, रोलर स्केटिंग, जिम्नास्टिक, बैडमिंटन, तैराकी, सेपक टकरा व चतुर्थ समूह में एथलेटिक्स को शामिल किया गया है।
विद्यालय स्तर पर 25 से पहले होगी टीम गठित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विद्यालय स्तर पर आयोजन सभी समूहों में 25 अगस्त से पूर्व संपन्न करवा टीमों का गठन किया जाएगा। वहीं जिला स्तर आयोजन प्रथम समूह की प्रतियोगिताएं 30 अगस्त से 3 सितंबर 2025 के बीच आयोजित होगी। वहीं द्वितीय समूह के खेलों के आयोजन 10 सितंबर से 14 सितंबर 2025 के बीच, तृतीय समूह के खेल आयोजन 19 सितंबर से 23 सितंबर तक व चतुर्थ समूह के आयोजन 8 अक्टूबर से 12 अक्टूबर के बीच आयोजित होंगे। ये खेल जिले भर की विभिन्न स्कूलों में आयोजित होंगे। वहीं तहसील स्तरीय क्रिकेट-19 वर्ष छात्र प्रतियोगिता 21 अगस्त से 24 अगस्त के बीच महाराणा प्रताप उमावि श्रीडूंगरगढ़ में आयोजित होगी। जिसमें विजेता व उपविजेता दो दल जिला स्तर प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। तहसील स्तर पर कम से कम चार टीमों का भाग लेना जरूरी होगा।
जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं होगी क्षेत्र की इन स्कूलों में…
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला स्तरीय प्रथम समूह की स्कूली खेलकूद प्रतियोगिताएं 30 अगस्त से 3 सितंबर तक आयोजित होगी। श्रीडूंगरगढ़ के सेसोमूं स्कूल में हैंडबॉल 17 से 19 वर्षीय छात्रा प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। खो-खो का 17 वर्षीय छात्र व छात्रा दोनों वर्ग की प्रतियोगिता का आयोजन आदर्श सरस्वती विद्या मंदिर उमावि गुसाईंसर बड़ा में आयोजित होगी। द्वितीय समूह की खेलकूद प्रतियोगिताएं 10 सितंबर से 14 सितंबर के बीच होगी। इन प्रतियोगिताओं में कबड्डी 17 वर्षीय छात्र वर्ग शहीद कैप्टन चंद चौधरी राउमावि बिग्गाबास रामसरा में आयोजित होगी। वहीं 17 वर्षीय छात्रा कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन राउमावि बींझासर में होगा। टेबल टेनिस 17 व 19 वर्षीय छात्र व छात्रा दोनों वर्ग कन्हैयालाल सिखवाल राउमावि में खेली जाएगी। तृतीय समूह की प्रतियोगिताओं का आयोजन 19 सितंबर से 23 सितंबर के बीच होगा। जिसमें सॉफ्ट बॉल का 17 व 19 वर्ग छात्र का आयोजन राउमावि सेरूणा में होगा वहीं मलखंब 17 व 19 वर्षीय छात्र व छात्रा दोनों वर्ग ही दयानंद विद्या निकेतन उमावि में आयोजित होगा।
जिला स्तर के बाद राज्य स्तर खेल से पूर्व होंगे प्रशिक्षण शिविर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला स्तर के प्रदर्शन के बाद जिले भर से चयनित खिलाड़ियों के प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन होंगे। जिसमें हैण्डबॉल का 17 व 19 वर्षीय छात्रा वर्ग का प्रशिक्षण शिविर 6 सितंबर से 10 सितंबर तक राउमावि लखासर में होगा। फुटबॉल का 17 वर्षीय राउमावि दुलचासर में होगा। खो-खो का प्रशिक्षण शिविर राउमावि गुसाईसर बड़ा में होगा। वहीं कबड्डी 17 वर्षीय का बिग्गाबास रामसरा की शहीद कैप्टन चंद्र चौधरी राउमावि में प्रशिक्षण शिविर होगा। टेबल टेनिस में दोनों वर्ग के कन्हैयालाल सिखवाल राउमावि में, कबड्डी में 17 व 19 वर्षीय छात्र व छात्रा दोनों वर्ग का प्रशिक्षण शिविर 15 सिंतबर से 19 सितंबर के बीच राउमावि बींझासर में होगा। सॉफ्ट बॉल का प्रशिक्षण शिविर सेरूणा की राउमावि में 17 व 19 वर्षीय छात्र वर्ग का प्रशिक्षण शिविर होगा। मलखंब खेल में 17 व 19 वर्षीय छात्र छात्रा दोनों वर्ग का प्रशिक्षण शिविर 24 से 27 सितंबर के बीच राउमावि ताल मैदान में होगा।
राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता जिले में एक, वो भी मिली श्रीडूंगरगढ़ को..
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सभी खेलों में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित की जाएगी। जिसमें योगासन का राज्य स्तरीय मुकाबला भारती निकेतन उमावि श्रीडूंगरगढ़ में आयोजित होगा। प्रतियोगिता में राज्य भर के जिलों से खिलाड़ी भाग लेने आएंगे। इसके अतिरिक्त चारों वर्गों के किसी खेल का राज्य स्तरीय आयोजन बीकानेर जिले में नहीं होगा। बता देवें निकटवर्ती चूरू जिले के रतनगढ़ तहसील के लाछड़सर के राउमावि में 17 वर्षीय छात्र वर्ग की क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन होगा।





