






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 अगस्त 2025। क्षेत्र में गिट्टी का काम बहुतायत हो रहा है और इसे बाहरी राज्यों में सप्लाई का कार्य भी किया जा रहा है। ऐसे में एक गिट्टी सप्लायर के साथ ट्रक ड्राइवर व ट्रांसपोर्ट कंपनी मालिक ने लाखों की गिट्टी पार कर धोखाधड़ी की है। लिखमादेसर निवासी जगन्नाथ पुत्र हेमनाथ महिया ने ट्रक ड्राइवर विजयसिंह पुत्र अमरसिंह गांव ओजटू, चिड़ावा झुंझुंनू व ट्रांसपोर्टर राजू पुत्र भागीरथ शर्मा की फर्म जय भैरूनाथ ट्रांसपोर्ट कंपनी, बीकानेर के खिलाफ आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसकी फैक्ट्री श्रीहंसोजी इण्डस्ट्रीज जो कि लिखमादेसर में स्थित है, से उसने 13 अगस्त 2025 को 256.70 किलो एक ट्रक गिट्टी भरवाकर करनाल, हरियाणा के लिए भेजा था। परिवादी ने बताया कि ड्राइवर ने शराब के नशे में ट्रांसपोर्टर राजू को व उसे फोन करके गाली गलौच करने लगा और धमकी देते हुए कहा कि मेरी गाड़ी आगे नहीं जाएगी। उसके बाद ट्रांसपोर्टर ने बताया कि ड्राइवर ने माल गिट्टी को अपने घर पर उतार लिया है और बेचने की फिराक में है। परिवादी ने आरोपी विजयसिंह फोन किए परंतु वह कोई जवाब नहीं दे रहा है। ट्रांसपोर्टर राजू शर्मा ने इस मामले में कुछ नहीं कर सकने की बात कही। परिवादी ने आशंका जताई कि आरोपी ने उसका माल खुर्द बुर्द कर कहीं बेच दिया या बेच सकता है। परिवादी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोपों में मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल देवाराम को सौंप दी है।



