






पूनरासर पदयात्रियों को दी ज्यूस सेवा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भाजपा के ओबीसी मोर्चा के देहात जिलाध्यक्ष विनोद गिरी गुसाईं द्वारा हाइवे किनारे गोस्वामी फार्म हाऊस पर पूनरासर पदयात्रियों को ज्यूस की सेवा दी गई। गुसाईं ने पदयात्रियों का स्वागत किया यात्रा की मंगलकामनाएं दी। इस दौरान ओबीसी मोर्चा के अशोक महावर, रमेश सैनी, रविकांत महावर, गौरी शंकर माली, नानूराम स्वामी, बाबूलाल सांखला, भरत गिरी, रौनक गिरी, रणवीर सांखला, अमित गिरी, अशोक गिरी, जितेंद्र गिरी, कालूराम, गुलाब नवी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहें व पदयात्रियों की सेवा करते हुए बाबा के जयकारे लगाए।

बिग्गा के ग्रामीणों ने विधायक से दो समस्याओं के समाधान की मांग की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बिग्गा में बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन जाने वाली रोड पर पानी भरने व खेजड़ी बालाजी मंदिर से गांव बिग्गा तक सड़क नहीं होने की समस्या का समाधान करने की मांग ग्रामीणों ने विधायक से की है। की है। ग्रामीणों ने पूर्व पंचायत समिति सदस्य लक्ष्मीनारायण सेवग की अगुवाई में विधायक ताराचंद सारस्वत को ज्ञापन देकर दोनों समस्याओं का समाधान कर ग्रामीणों को राहत देने की मांग की है। सेवग ने बताया कि बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन आने जाने वाली रोड पर पानी निकासी प्रबंधन नहीं है। जिससे यहां पानी भर जाता है और लोग रेलवे स्टेशन आने जाने के लिए भारी परेशानी का सामना करते है। वहीं खेजड़ी बालाजी के प्राचीन मंदिर से पुष्करणा बास तक आने जाने के लिए करीब 350-400 मीटर दूर सीसी सड़क बनवाई जाए जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सकें।
शर्मा ने पदभार ग्रहण किया, किया स्वागत, प्रशिक्षु का किया सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका ईओ के पद पर तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा को अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। गुरूवार शाम को ही शर्मा ने पदभार ग्रहण कर लिया है। पालिका कार्मिकों ने शर्मा का स्वागत किया। वहीं प्रशिक्षु ईओ गिरीराज रतनूं का 20 दिवसीय प्रशिक्षण पूर्ण होने पर कार्मिकों ने उनका साफा व माला पहना कर सम्मान किया। इस दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक हरिश गुर्जर, कनिष्ठ लेखाकार महेशचंद ज्याणी व जितेंद्र भोजक, सुरजभान प्रजापत, धनराज पांडिया, कुलदीप वाल्मिकी, किशन चांवरिया सहित पालिका कार्मिक उपस्थित रहें।

राधिका सत्संग मंडली द्वारा 31 को मनाया जाएगा राधाष्टमी महोत्सव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राधिका सत्संग मंडली द्वारा 31 अगस्त 2025, रविवार को गणेश मंदिर में राधाष्टमी महोत्सव मनाया जाएगा। मंडली की मीनाक्षी डागा ने बताया कि रविवार को दोपहर 3 बजे से 6 बजे तक महोत्सव का आयोजन होगा। मंडली की सदस्य महिलाओं ने उत्सव की तैयारियां प्रारंभ की जा रही है। कार्यक्रम की थीम नीला रंग रखा हुआ है। जिसमें सभी राधा प्रेमी श्रद्धालुओं को नीले रंग के वस्त्र पहनकर उत्सव में शामिल होना है। मंडली की सदस्य महिलाओं ने बालिकाओं को राधा रानी के वेश में सजाकर लाने का आग्रह भी किया है।
अखंड ज्योत के साथ रवाना हुआ सुखी संघ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बिग्गा बास के वार्ड 23 से हनुमानजी मंदिर से अखंड ज्योत लेकर पूनरासर पैदल यात्री सुखी संघ धूमधाम से रवाना हुआ है। संघ अध्यक्ष अमरचंद सिखवाल, उपाध्यक्ष गुलाब बासनीवाल ने बताया कि अखंड ज्योत पूनरासर मंदिर तक पदयात्रियों के साथ जाएगी। यात्रियों ने लाल रंग की ध्वजा हाथ में ली और बाबा के जयकारे लगाए। ये पदयात्री शनिवार सुबह बाबा के दर्शन कर मंदिर में धोक लगाएंगे।

गांव आड़सर से झांकी के साथ रवाना हुए श्यामप्रेमी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव आड़सर से शुक्रवार को श्यामप्रेमी पैदल यात्री संघ भव्य श्याम झांकी के साथ रवाना हुए। संघ में 50 श्रद्धालु शामिल है और ग्रामीणों ने जयकारों के साथ यात्रियों को यात्रा की शुभकामनांए दी। संघ सदस्यों ने बताया कि वे 4 सितंबर को खाटू पहुंचकर बाबा के दर्शन कर मंदिर में धोक लगाएंगे।

हनुमान धोरा से रवाना हुए पैदल यात्री।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। हनुमान धोरा पर बाबा का पूजन व ज्योत कर पैदल यात्री पूनरासर के लिए रवाना हुए। लाल ध्वजा लेकर जयकारे लगाते हुए रवाना हुए संघ को आस पास के लोगों ने पुष्पवर्षा कर शुभकामनाएं दी।

राजकीय महाविद्यालय में लघु फिल्म का प्रदर्शन किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में नई किरण नशा मुक्ति अभियान के तहत एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। नशे से होने वाले नुकसानों से अवगत करवाने के लिए सफेद साया लघु फिल्म विद्यार्थियों को दिखाई गई। फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे के खतरों को समझा। इस अवसर पर प्राचार्य महावीरनाथ विद्यार्थियों व कर्मचारियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया। इस अवसर पर समस्त महाविद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

बिग्गा में आयोजित तहसील स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता संपन्न।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नेहरू युवा मंडल के बैनर तले मदनलाल चौहान की दूसरी पुण्यतिथि पर आयोजित एक दिवसीय तहसील स्तरीय शूटिंग वॉलीबॉल प्रतियोगिता गुरूवार देर रात संपन्न हुए। प्रतियोगिता में 18 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता श्रीश्याम क्लब श्रीडूंगरगढ़ ने जीत ली। वहीं लिखमादेसर सीनियर टीम उपविजेता रही। विजेताओं को नगद राशि व ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया। बेस्ट नेटर का पुरस्कार 13 वर्षीय प्रतिभाशाली खिलाड़ी रामप्रसाद को दिया गया। समारोह में बिग्गा सरपंच जसवीर सारण, रूघलाल तापड़िया, संतोष ओझा, लक्ष्मीनारायण सेवग, चंपालाल रेगर, मुकेश, शांतिप्रकाश ओझा, रोहित शर्मा, रामलाल कुंतासर, ईश्वरराम मेघवाल आदि शामिल हुए।

लकड़ी की कारीगरी की बारिकियों जानी, किया सुथार ने अवलोकन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने सरदारशहर में लकड़ी से बनी वस्तुओं के कारीगर समूह से मिले और पारंपरिक कला के बारे में जानकारी ली। सुथार ने यहां लकड़ी के कार्यों का अवलोकन किया व कारीगरों को बेहतर स्किल प्रदान करने के बारे में चर्चा की। सुथार ने इस पर विभिन्न प्रकार के कारखानों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल नियोजन के माध्यम से कारीगरों को जोड़ने के बारे में भी चर्चा की। इस दौरान सरदारशहर के अनेक प्रसिद्ध कारीगर वार्ता में शामिल रहें।




