






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 अगस्त 2025। करीब 30 वर्षों तक शहर में दो सम्प्रदायों के बीच में विवाद का कारण बनी नेशनल हाईवे पर स्थित 7 बीघा विवादित भूमि का मुद्दा अब पुन: सुलग उठा है। उप जिला चिकित्सालय एवं ट्रोमा सेंटर के लिए चिकित्सा विभाग को आंवटन करने के बाद भी इस भूमि को ईदगाह मैदान बताते हुए यहां पर शुक्रवार रात से ईदगाह प्रीमियर लीग के नाम से क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू कर दी गई। चिकित्सा विभाग, प्रशासन एवं पुलिस इंटेलिजेसं के फेलियर के कारण शहर में पुन: तनाव शुरू हो गया है एवं मौके पर हिंदूवादी संगठनों के विरोध के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची है एवं मौके पर भीड़ को नियंत्रित कर वहां कंकरिट से बनाए गए क्रिकेट पिच को जेसीबी से तुडवाते हुए प्रतियोगिता को बंद करवाई। पुलिस ने आयोजकों से प्रतियोगिता आयोजन की अनुमति मांगी एवं अनुमति नहीं होने पर प्रतियोगिता बंद करवा दी है। हालांकी एक बारगी आज का प्रकरण तो निपट गया लेकिन विवादित भूमि को खुला छोड़ने, चिकित्सा विभाग द्वारा यहां पर कब्जा तक नहीं लेने एवं पक्के निर्माण सहित ऐसे आयोजन होने की भनक पुलिस को नहीं लगने जैसे कई सवाल बाकी रह गए है।
ट्रोमा सेंटर व उप जिला चिकित्सालय के रूप में मिटा था शहर का कलंक।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आपसी मतभेदों को भूल कर सामूहिक राष्ट्रभक्ति की भावनाओं, समाजसेवा, परहित की भावना के लिए प्रसिद्ध है श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र और यही कारण है यहां पर सेना, शहीदों, देश के प्रति सम्मान जताने के आयोजनों में हजारों लोग हमेशा जुड़ जाते है। इस शहर पर साम्प्रदायिक तनाव एक कलंक के रूप् में था एवं दोनो पक्षों द्वारा सेवा भाव को महत्व देते हुए उप जिला चिकित्सालय एवं ट्रोमा सेंटर के लिए इस भूमि पर अपना दावा छोड़ते हुए सहमती दी थी। लेकिन सरकार एवं प्रशासन द्वारा तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी भूमि को सुरक्षित तक नहीं किया गया है। यहां निर्माण शुरू करवाना तो राजनैतिक विवाद में दूर की कौड़ी हो गया है लेकिन चिकित्सा विभाग द्वारा इस भूमि को सुरक्षित तक नहीं किया जाना प्रशासन एवं सरकार की मंशा पर ही सवाल खड़ा कर रहा है।








