






सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य को विदाई देने उमड़ा पूरा गांव, किया भव्य सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शहीद सिपाही हेतराम गोदारा उमावि सोनियासर के गोदारान बास निवासी प्रधानाचार्य जगदीश सिंह राठौड़ रविवार को सेवानिवृत्त हुए। सरपंच नंदकिशोर बिहानी की अगुवाई में ग्रामीणों ने उनका भव्य सम्मान किया। सरपंच बिहानी ने बताया कि गुरूजी ने 28 साल इस स्कूल में सेवाएं दी और वह भी विद्यार्थियों के प्रति समर्पण भाव से कार्य करते हुए। पूरा गांव उनके परिवार की तरह है और सभी ने सस्नेह उनका सम्मान किया है। इस दौरान ग्रामीणों ने सभी के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की। स्कूल में सांस्कृतिक आयोजन हुआ जिसमें बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। ग्रामीणों ने राठौड़ को साफा पहनाकर फुलमाला पहनाई और स्टाफ व विद्यार्थियों ने भी उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया। ग्रामीणों ने रथ बुलाया व सभी विद्यार्थी गुरूजी को रथ में बिठाकर डीजे के साथ घर पहुंचाने गए। इस मौके पर भाव विभोर हुए प्रधानाचार्य राठौड़ ने इसे बच्चों का प्रेम व ग्रामीणों का स्नेह बताया। उन्होंने युवा वर्ग को जीवन में निष्ठापूर्ण अपना कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा इसी से अंतत: सम्मान मिलता है। बड़ी संख्या में गांव के मौजिज लोग शामिल हुए। इस दौरान स्कूल का स्टाफ मौजूद रहा। स्टाफ ने सभी का आभार जताया।

क्षेत्र के दो युवा शिक्षकों को सरदारशहर ब्लॉक के शिक्षक संघ में मिला दायित्व।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सरदारशहर के टांटिया राबावि में राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय की उपशाखा सरदारशहर के चुनाव रविवार शाम को संपन्न हुए है। वहां की नवगठित कार्यकारिणी में श्रीडूंगरगढ़ निवासी रविकांत सैनी को उपाध्यक्ष पद तथा वरिष्ठ अध्यापक प्रतिनिधि के पद पर अभिषेक शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है। सैनी आचार्य महाप्रज्ञ उमावि बंधनाऊ उत्तरादा व शर्मा महात्मा गांधी राउमावि भादासर दिखनादा में सेवारत है। वहीं आसाराम मेघवाल अध्यक्ष व मनोज कुमार शर्मा को मंत्री पद का दायित्व दिया गया है। इस दौरान संघ के शिक्षक सदस्य बैठक में शामिल हुए। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने संगठन के दायित्वों का निष्ठापूर्ण निर्वहन करने की बात कहते हुए सभी का आभार जताया।





