May 22, 2026
evee

1- गांव गोपालसर में भ्रष्टाचार के खिलाफ शुरू किया धरना।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 सितम्बर 2025। क्षेत्र के गांव गोपालसर में बन रहे नए टयुबवैल में भ्रष्टाचार के आरोपों से माहौल गर्माया हुआ है। सोमवार को विरोध प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने ठेकेदार पर टयूबवैल निर्माण में घटिया सामग्री लगाने का आरोप लगाते हुए इसके विरोध में धरना शुरू कर दिया है। प्रदर्शन में शामिल ग्रामीण बजरंगलाल बुडिया ने बताया कि नियमानुसार टयुबवैल की खुदाई 900 फीट तक होनी थी लेकिन ठेकेदार द्वारा मात्र 785 फीट पर ही खुदाई बंद कर दी गई। इसी प्रकार केसिंग पाई 6 एमएम व 300 किलो वजन का लगाना था लेकिन 3 एमएम के 145 किलो वजन के ही पाईप डालने के लिए मौके पर रखे गए है। ऐसे में ग्रामीणों ने विरोध किया तो ठेकेदार द्वारा मशीन डाउन कर दी एवं कार्य रोक दिया। ऐसे में ग्रामीणों ने मौके पर धरना शुरू कर दिया है एवं धरने पर सुगनसिंह बुडिया, सीताराम बुडिया, रामेश्वरलाल, मघाराम, लालाराम, गिरधारीलाल, सोहनलाल, भानीराम बुडिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण बैठे एवं नियमानुसार ही टयुबवैल बनाने की मांग की।

2- महिला को लौटाए सोने के फूलड़े, दिखाई ईमानदारी।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 सितम्बर 2025। विधानसभा क्षेत्र के गांव साधासर के निवासी रमेश तर्ड ने ईमानदारी दिखाते हुए उन्हें लावारिस स्थित में मिले सोने के फूलड़ों को मालिक तक लौटाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ये फूलड़े गांव मसूरी निवासी कैलाश पुत्र भंवरलाल पोटलिया के थे एवं यह सुनिश्चित करने के बाद उन्हें लौटा दिए गए।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव साधासर में युवा ने दिखाई ईमानदारी, लौटाए सोने के गहने।

3- दुसारणा में हुआ किसान प्रशिक्षण, बताए नैनो यूरिया के फायदे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 सितम्बर 2025। क्षेत्र के गांव दुसारणा में सोमवार को इफको द्वारा किसान प्रशिक्षण सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सेवा सहकारी समिति के तत्वाधान में आयोजित इस प्रशिक्षण में किसानों को नैनो यूरिया के फायदे समझाए गए एवं आय बढ़ाने के लिए इसका प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। समिति व्यवस्थापक संग्रामसिंह ने आभार जताया। गांव के मदनलाल की अध्यक्षता में आयोजित इस सभा में मुख्य अतिथि के रूप में रामस्वरूप उपस्थित रहे व इस दौरान इफको क्षेत्रिय प्रबंधक एमआर जाखड़, एमडीई राहुल ढ़ाका ने नैनो यूरिया के माध्यम से खेती में लागत कम करने, खेत की मिट्टी, हवा, पानी को प्रदूषित होने से बचाने की बात कही एवं उपयोग विधियों के बारे में जानकारी दी गई।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव दुसारणा में आयोजित किसान प्रशिक्षण सभा में नैनो यूरिया के फायदे बताते इफको के अधिकारी।