May 21, 2026
WhatsApp Image 2025-09-02 at 21.50.30

1- तेजा दशमी की पूर्व संध्या पर श्रीडूंगरगढ़ में हुआ जागरण।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 सितम्बर 2025। तेजा दशमी की पूर्व संध्या पर सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ में बीदासर रोड़ स्थित वीर तेजा मंदिर धर्मशाला में भव्य जागरण आयोजित किया गया। मेले की शुरूआत समाज के प्रबुद्धजनों द्वारा तेजाजी की अखंड ज्योत प्रज्जवलित करने के साथ हुआ। इस मौके पर बड़ी संख्या में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे व सामाजिक एकता पर चर्चा की। जागरण में संत राघवदास महाराज लवेरा, अनुराधा योगी एवं प्रियंका चौधरी ने तेजाजी महाराज का गुणगान किया तथा सहनाज फोगा ने भवई नृत्य से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान कलाकारों तेजाजी एवं अन्य देवताओं की सजीव झाँकियां भी प्रस्तुत की।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ स्थित वीर तेजा मंदिर धर्मशाला में ज्योत प्रज्ज्वलित करते क्षेत्र के प्रबुद्धजन।

2- दूसरे दिन हुआ ढोल नगाड़ों से रथ यात्रा का अभिनंदन, चार कुंडिय यज्ञ में दी आहूतियां।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 सितम्बर 2025। गायत्री परिवार द्वारा देशभर में निकाली जा रही रथ यात्रा मंगलवार को क्षेत्र के गांव जैतासर एवं तोलियासर पहुंची। गांव जैतासर में भव्य स्वागत के बाद यात्रा का पड़ाव तोलियासर स्थित खेतेश्वर वाटिका नंदीशाला में रहा। जहां ग्रामीणों ने ढोल नगाड़ों के साथ पुष्पवर्षा करते हुए यात्रा का स्वागत किया। गांव की बालिकाओं ने सुदंर रंगोलियां बनाई एवं इस मौके पर गणेश मंदिर में चार कुंडीय यज्ञ का आयोजन भी किया गया। समस्त ग्रामीणों के लिए महाप्रसाद का आयोजन भी हुआ एवं इस दौरान गायत्री परिवार से जुड़े कार्यकर्ताओं ने आयोजन की जानकारी दी।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव तोलियासर में रथ यात्रा के स्वागत के साथ हुआ चार कुंडीय यज्ञ।

3- 4 से 6 सितम्बर तक होगा भैरवनाथ के बिग्गा धाम में महा-उत्सव।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 सितम्बर 2025 । अंनत चतुर्दशी के मौके पर विश्व रक्षक भैरवनाथ मंदिर धाम बिग्गा में तीन दिवसीय महा-उत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके तहत गत 22 अगस्त से प्रतिदिन किए जा रहे महारूद्राभिषेक की पुर्णाहुति भी 5 सितम्बर को की जाएगी। इससे पूर्व 4 सितम्बर को रात्रि जागरण आयोजित किया जाएगा। जिसमें विनोद एंड पार्टी अपनी प्रस्तुतियां देंगी। 5 सितम्बर को रात्रि 10 बजे सामूहिक महारूद्राभिषेक किया जाएगा एवं 6 सितम्बर को मुख्य मेला आयोजित होगा। मेले में सुबह 10.30 बजे महाआरती के बाद 101 किलो के रोटे का भोग लगाया जाएगा एवं रात्रि 9 बजे भव्य जागरण आयोजित किया जाएगा। जिसमें महावीर सांखला एंड पार्टी व रावलिया जोगी द्वारा बाबा के भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। मेले की तैयारियों में मंदिर की भव्य सजावटें की गई है एवं मंदिर को गुब्बारों से सजाया गया है। बाहर से आने वाले श्रृद्धालुओं के रूकने की व्यवस्थाएं भी मंदिर कमेटी एंव ग्रामीणों द्वारा की जा रही है।

4- गांव मोमासर में तेजाजी का जागरण 5 को।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 सितम्बर 2025। तेजा दशमी पर गांव मोमासर में उत्सव का माहौल रहा एवं गांव के तेजाजी मंदिर में भव्य सजावटें की गई। इस मौके पर मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की गई एवं आगामी 5 सितम्बर को गांव में होने वाले तेजाजी के जागरण का पोस्टर विमोचित किया गया। तेजाजी मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाले इस जागरण में उदयपुर के प्रसिद्ध कलाकार राधेश्याम भाट एंड पार्टी के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देगें एवं तेजाजी के भजन सुनाएगें। पुजारी हुकमाराम गोदारा ने बताया कि मंदिर कमेटी द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव मोमासर में होगा तेजाजी का जागरण, पोस्टर विमोचित।