






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 सितंबर 2025। उपखंड मुख्यालय के निकटवर्ती गांव हेमासर में ब्राह्मणों के मोहल्ले में पेयजलापूर्ति की टंकी के हालात दयनीय है। इस टंकी से करीब 50-60 घरों में पानी सप्लाई होता है। विभाग के सभी अधिकारियों को इसकी जानकारी है। ग्रामीणों ने बताया कि 181 पर बार बार शिकायत करने पर विभाग द्वारा निस्तारण किए बिना ही कम्पलेन को बंद किया जा रहा है। टंकी की छत पूरी तरह से टूटी हुई है व पूरी तरह से जर्जरावस्था में है। मंगलवार को इस टंकी में एक कुत्ता घुस गया, तो एक युवक ने इसमें उतर कर कुत्ते को बाहर निकाला। खुली टंकी में गंदगी का अंबार लगा है। इस घोर लापरवाही पर गांव के युवाओं ने रोष जताया। युवाओं ने कहा कि बार बार विभाग से मांग करने पर भी सुनवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि टंकी में गिरने से कोई हादसा हुआ या लोगों के घरों में इस गंदे पानी से कोई बीमार हुआ तो जिम्मेदारी विभाग की ही होगी। विभागीय अधिकारी कैलाश वर्मा ने बताया कि इस टंकी के कार्य के लिए प्रस्ताव विभाग को जयपुर भेजा हुआ है। उसकी स्वीकृति में समय लग रहा है। वर्मा ने कहा कि एक दो दिन में ही यहां टेम्परेरी कार्य एक बार करवा दिया जाएगा। विभाग की जेईएन साधना मीणा ने बताया कि लंबे समय से समस्या है और विभागीय अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। कुछ दिन पूर्व सफाई करवाई थी परंतु फिर गंदगी हो गई है, उसे शीघ्र ही साफ करवाया जाएगा। गांव के युवा दामोदर, शिवदयाल, राधेश्याम, रूपाराम, अमित, मानाराम, नवरत्न राम, बनवारी, बाबूलाल ने विभाग को पत्र देकर इसे तुरंत दुरस्त करवाने की मांग की है।





