






लायंस क्लब (ग्रेटर) ने सेवाभावी 6 शिक्षकों का किया सम्मान, ये रहें शामिल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 सितंबर 2025। शिक्षक समाज व देश को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते है। शिक्षक का कर्तव्य है कि वे शिक्षा और संस्कार के साथ राष्ट्र निर्माण में प्रेरणीय भागीदारी निभाए। ये बात शिक्षक दिवस के मौके पर संस्कार इनोवेटिव पब्लिक स्कूल में आयोजित लायंस क्लब के समारोह में स्कूल के संरक्षक विनोदगिरी गुसाई ने कही। क्लब ने शिक्षक दिवस पर 6 सेवाभावी शिक्षकों का माला, शॉल, श्रीफल, साफा एवं अभिनंदन पत्र देकर सम्मान किया। समारोह की अध्यक्षता महावीर प्रसाद माली ने की। माली ने शिक्षक कर्म को सबसे पवित्र कर्म बताते हुए बच्चों के भविष्य निर्माण की जिम्मेदारी भी शिक्षकों पर होने की बात कही। माली ने बताया कि इस दौरान प्रधानाचार्य देवीसिंह पुरोहित, बाना में व्याख्याता राजू शर्मा, ताल मैदान राउमावि में व्याख्याता प्रदीप कौशिक, सेवानिवृत परमेश्वरी देवी राजोतिया, लिखमादेसर के राउमावि में व्याख्याता भगवती देवी पारीक व जालबसर में व्याख्याता पुष्पा देवी शर्मा का सम्मान किया गया। समारोह में शाला का स्टाफ व क्लब के सदस्य मनोज गुसाईं, रमेश सोनी, हंसराज माली, पूनम सुथार, श्याम सारस्वत, सत्यनारायण स्वामी, महेश राजोतिया आदि शामिल हुए। स्कूल की संचालक व क्लब सदस्य ललिता गुसाईं ने सभी का आभार जताया।

डॉ. सोनी को गुरुश्री सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ के वरिष्ठ शिक्षक, लेखक, चिंतक, समालोचक एवं राज्य स्तरीय प्रशिक्षक डॉ. राधाकिशन सोनी को शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को वेटनरी ऑडिटोरियम, बीकानेर में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में गुरुश्री सम्मान दिया गया। स्टार एक्सिलेंट एकेडमी, बीकानेर द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में महाराजा गंगासिंह विश्विद्यालय, बीकानेर के कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित, उप मुख्यमंत्री के ओएसडी कुंजीलाल स्वामी, डूंगर पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ राजेंद्र पुरोहित, एम एस कॉलेज के प्राचार्य डॉ नवदीप बैंस, बीकानेर संभाग के संयुक्त शिक्षा निदेशक महेंद्र कुमार शर्मा, प्रारंभिक एवं माध्यमिक जिला शिक्षा अधिकारी, बीकानेर किशनदान चारण, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक कृष्णलाल विश्नोई, माध्यमिक शिक्षा निदेशक के स्टाफ ऑफिसर डॉ. अशोक कुमार शर्मा, वेटनरी विश्वविद्यालय के डॉ. पंकज कुमार थानवी तथा स्टार एक्सिलेंट एकेडमी के निदेशक डॉ. राहुल पंचारिया ने डॉ. सोनी को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक प्रदान कर सम्मानित किया।

सीताराम को मिला जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राउमावि बाडेला में व्याख्याता सीताराम निवासी ऊपनी को जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान मिला है। सीताराम ने जिला स्तरीय चयन समिति का आभार जताया और सम्मान का श्रेय अपनी माँ व प्रेरक शुभचिंतकों को दिया है। विदित रहें सीताराम ने राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद् उदयपुर के मार्गदर्शन में पहले पाठ्यचर्या और पाठयक्रम निर्माण और फिर पाठ्यपुस्तक लेखन एवं संपादन में भूमिका निभाई। वहीं राज्य स्तरीय शैक्षिक अनुसंधान(शोध) कार्य का प्रकाशन एवं अनेक पत्र पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन भी प्रकाशित हुए है।





