May 21, 2026
00000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 सितंबर 2025। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद द्वारा कल रक्तदान अमृत महोत्सव 2.0 के नाम से देश विदेश में 7500 स्थानों पर रक्तदान शिविरों के आयोजन होंगे। तेयुप श्रीडूंगरगढ़ के बैनर तले अंचल में तीन स्थान श्रीडूंगरगढ़, मोमासर व तोलियासर में रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। श्रीडूंगरगढ़ में तेरापंथ भवन ऊपरलो में, गांव मोमासर में सरकारी अस्पताल में और तोलियासर में भैरव मंदिर के पास ही रक्तदान शिविर लगेंगे। प्रशिक्षित डॉक्टरों की टीम के निर्देशन में रक्तसंग्रहण किया जाएगा। आयोजन को लेकर तेयुप टीम सहित तेरापंथ समाज में उत्साह का माहौल है। प्रचार टोलियों ने हर एक कार्यालय व विशेष स्थानों पर जाकर रक्तदान की अपील की है। चारों और टीम के सदस्य क्षेत्र के रक्तवीरों से मानवता के हित में रक्तदान करने की अपील करते नजर आ रहें है। शिविरों की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परिषद के सदस्य देशभक्ति व मानव कल्याण के भाव के साथ युवाओं, महिलाओं व नागरिकों को रक्तदान से जोड़ने के पूरजोर प्रयासों में जुटे है। परिषद के मीडिया प्रभारी चमन श्रीमाल ने बताया कि इस आयोजन से भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, रेल मंत्रालय, युवा मामले और खेल मंत्रालय एवं शिक्षा मंत्रालय सहित रेलवे पुलिस फोर्स व एन.एस.एस. के सदस्य इस अभियान से जुड़ चुके हैं। तेयुप अध्यक्ष विक्रम मालू ने कहा कि ये रक्तदान महाअभियान है। दान दिए गए एक यूनिट रक्त से अनेक मरीजों को प्राणदान मिल सकतें है। क्षेत्र के लोग किसी अनजान के प्राण बचाने में सहयोगी बनकर रक्तदान जरूर करें। मालू ने बताया कि शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी। शिविर संयोजक ईश्वर चौरड़िया ने नगरवासियों, संस्थाओं एवं विभिन्न समाज सेवियों से संपर्क कर रक्तदान में शामिल होने का आग्रह किया है। सह संयोजक रजत सिंघी व दीपक छाजेड़ ने बताया यह परिषद के सभी सदस्यों सहित विभिन्न स्वयंसेवी अपनी सेवाएं देंगे।