






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 सितम्बर 2025। आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की 6 खास खबरें एक साथ, एक नजर में।
नशा मुक्त भारत का संदेश देने दौड़ लगाएगें युवा, नमो युवा रन 21 को।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से महात्मा गांधी के जन्मदिन 2 अक्टूबर तक भाजपा द्वारा मनाए जा रहे सेवा पखवाड़े के तहत श्रीडूंगरगढ़ में आगामी 21 सितम्बर को नमो युवा रन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक ओमसिंह राजपुरोहित ने बताया कि 21 सितम्बर को सुबह 6 बजे गौरव पथ पर यह दौड़ का आयोजन किया जाएगा। जिसमें बड़ी संख्या में युवा भाग लेगें व नशा मुक्त भारत का संदेश देगें। इस दौड़ के पोस्टर का विमोचन गुरूवार को भाजपा कार्यालय में विधायक ताराचंद सारस्वत ने किया एवं इस मौके पर सह संयोजक लोकेश सिद्ध, योगेश सारस्वत, किशन पुरी, शहर मंडल अध्यक्ष राधेश्याम दर्जी, महामंत्री मदन सोनी, मंत्री महेंद्र पारीक, महेश राजोतिया, गोपी मेघवाल, विनोद तोलम्बिया आदि मौजूद रहे।

भादू को बनाया वोट चोर गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान का जिला प्रभारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कांग्रेस द्वारा देश में हो रही वोट चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के तहत 15 सितम्बर से 15 अक्टूबर तक हस्ताक्षर अभियान चला कर इस मुद्दे पर आमजन का सर्मथन जुटाया जाएगा। इस अभियान के लिए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविदंसिंह डोटासरा ने सभी जिलों के प्रभारी मनोनीत किए है एवं श्रीडूंगरगढ़ के कांग्रेसी नेता व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मूलाराम भादू को नागौर जिले का प्रभारी बनाया गया है। भादू ने बताया कि अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, मंडल, नगर कांग्रेस कमेटियों एवं यूथ कांग्रेस कमेटी द्वारा जन जन तक पहुंच कर हस्ताक्षर करवाए जाएगें एवं भाजपा द्वारा की गई चुनावी धांधली के विरूद्ध जनमत संग्रह किया जाएगा।

आनंद हिंदू क्रांति सेना के जिलाध्यक्ष मनोनित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के सक्रिय युवा आनंद जोशी को हिंदू क्रांति सेना के जिलाध्यक्ष मनोनित किया गया है। प्रदेशाध्यक्ष विकास डुमोली ने जोशी को यह नियुक्ति देते हुए संगठन की विचारधारा को मजबुत करने एवं सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया है। जोशी को नियुक्ति करने पर सेना के तहसील अध्यक्ष श्याम गिरी गुंसाई, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष गौरीशंकर स्वामी, नंदलाल तावनियां, महावीर तावनियां, हरि पारीक, किशोर भाम्भू, विक्रमसिंह, अनिल सिकलीगर, सोनू सिंह आदि कार्यकर्ताओं ने खुशियां मनाई एवं जोशी का माल्यापर्ण कर बधाई दी।

बीकानेर में होगा स्वर्णकार समाज का जिला स्तरीय सम्मान समारोह, श्रीडूंगरगढ़ से ऐसे करें आवेदन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीमैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाजसेवी संस्था द्वारा समाज के आदिपुरुष महाराजा अजमीढ़ की जयंती की पूर्व संध्या पर आगामी 5 अक्टूबर को बीकानेर में जिलास्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में स्वर्णकार समाज की उन सभी प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होने 30 सितम्बर 2024 के बाद 10वीं,12वीं में 75% से अधिक, स्नातक, अधिस्नातक, बीएड, बीपीएड, एलएलबी, एलएलएम आदि परीक्षाओं में में 65% से अधिक अंक प्राप्त करने वाली शैक्षणिक प्रतिभाओं एवं साथ ही किए हों। साथ ही NEET, CLAT, IIT, NIT, NET, SET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित होने वाली प्रतिभाओं, MBBS, BHMS, BAMS, B.VSC & AH, MD, MS, Ph.D., CA या राजकीय सेवा में चयनित हुई प्रतिभाओं, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से भी कोई प्रतिभावान युवा जो इस सम्मानित सूची में आता है वह 22 सितम्बर तक शिक्षा क्षेत्र से जुड़े समाज के पवन गोयतान, विष्णु सोनी कड़ेल, जितेंद्र सोनी एवं गुलाबचंद तोषवड़ को अपना आवेदन दे सकता है।
सहकारी कार्मिक करेगें संघर्ष को तेज, क्षेत्र के नैण एवं पारीक बने सदस्य।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजस्थान सहकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति की जिला इकाई की बैठक गुरूवार को बीकानेर के रतनबिहारी मोहता भवन में आयोजित की गई। जिसमें जिले भर के सहकारी समितियों के कार्मिक शामिल हुए एवं समस्याओं पर चर्चा की। इन समस्याओं के निस्तारण के लिए जिला स्तरीय संघर्ष समिति का गठन किया। जिसमें राकेश कुमार सारण को जिला संयोजक मनोनीत करते हुए समिति सदस्य के रूप में श्रीडूंगरगढ़ से रामनिवास नैण एवं गोविदं पारीक को शामिल किया गया।

ग्राम सेवा शिविर में पहुंचें विधायक, मिले ग्रामीणों से।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरूवार को क्षेत्र के गांव कित्तासर बिदावतान में आयोजित हुए ग्राम सेवा शिविर में विधायक ताराचंद सारस्वत भी पहुंचें एवं ग्रामीणों से रूबरू होते हुए उनकी समस्याएं सुनी। विधायक ने उपस्थित सभी अधिकारियों को त्वरित प्रभाव से समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए एवं राज्य सरकार का इन शिविरों के आयोजन के लिए आभार जताया। शिविर में उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी सहित सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।





