May 21, 2026
WhatsApp Image 2025-09-18 at 21.01.33

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 सितंबर 2025। सरदारशहर रोड पर गांव आडसर एवं ठुकरियासर के पास स्थित टोल नाके पर टोल वसुली का ठेका बदलते ही आस पास के 12 गांवों से टोल-वसुली शुरू कर दी गई हैएवं इसके विरोध में अब आस पास के ग्रामीण राजनैतिक मतभेद छोड़ कर अपने हक की लडाई में एकजुट होकर मोर्चा खोल चुके है। बुधवार को टोल प्लाजा कार्मिक द्वारा चार आंदोलनकारियों के खिलाफ पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाने के बाद गुरूवार को आस पास के गांवों के ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया एवं गुरूवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण टोल पर पहुंचे व टोल नाके पर लगाए गए धरने को पड़ाव में बदल दिया। टोल वसुली के खिलाफ शुरू किए गए इस आंदोलन में शामिल सुनील तावणियां ने बताया कि धरनास्थल पर सैंकड़ों की संख्या में ग्रामीणों के पहुंचने के बाद टोलवसुली बंद नहीं करवाने के लिए पड़ाव डाल दिया गया है एवं रात को भी सैंकड़ों की संख्या में ग्रामीण पड़ाव स्थल पर डटे है। धरने पर आस पास के गांवों से ग्रामीण सत्तासर सरपंच सुनील मलीक, ठुकरियासर सरपंच अमराराम गांधी, ठुकरियासर पूर्व सरपंच प्रतिनिधि ओमनाथ सिद्ध, लिखमादेसर सरपंच प्रतिनिधि राधेश्याम सिद्ध, तोलियासर सरपंच प्रतिनिधि गिरधारीसिंह राजपुरोहित, सुरनजनसर सरपंच ओमप्रकाश सारस्वत, आडसर सरपंच शिव जोशी, उदरासर सरपंच किशन गोदारा आदि की अगुवाई में पहुंचें व टोल वसुली में प्रशासन के भी टोल कंपनी के सहयोगी बनने पर रोष जताया। धरनास्थल पर गुरूवार को पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन जिलाध्यक्ष हरिराम बाना भी पहुंचें एवं टोल प्लाजा के आस पास के गांवों से टोल वसुली को अवैध बताते हुए हक की लड़ाई को और अधिक तेज करने का आह्वान किया। तावणियां ने बताया कि शुक्रवार को आंदोलन और अधिक तेज किया जाएगा एवं प्रशासन द्वारा आंदोलन को कुचलने के प्रयास पर आंदोलन को उग्र किया जाएगा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दिन भर चला धरना, रात को बदला पड़ाव में, सैंकड़ों की संख्या में दिन-रात रहेगें टोल पर ही।