






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 सितंबर 2025। विधायक ताराचंद सारस्वत ने श्रीडूंगरगढ़ में वंदे भारत ट्रेन को स्टॉपेज देने की मांग करते हुए आज रेल मंत्री को पत्र लिखा है। विधायक ने बताया कि पीएम नरेन्द्र मोदी 25 सितम्बर 2025 को बांसवाड़ा, राजस्थान से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बीकानेर-दिल्ली कैंट वन्दे भारत एक्सप्रेस रेल सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारम्भ करेंगे। इस अवसर पर श्रीडूंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पर शुभारम्भ समारोह का आयोजन किया जाएगा। सारस्वत ने शाम 4 बजे आमजन को रेलवे स्टेशन पहुंच कर समारोह में शामिल होने का आह्वान किया है। विधायक ने बताया के श्रीडूंगरगढ़ में रेलवे स्टेशन पर ठहराव की मांग को लेकर निरंतर केंद्रीय रेल मंत्री से संपर्क व वार्ता जारी है। उन्होंने पत्र में विस्तृत रूप से बताया कि श्रीडूंगरगढ़ का जुड़ाव सीधे करीब 120 गांवो से है। क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, बढ़ते व्यापारिक एवं शैक्षणिक संबंधों, चिकित्सा एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए यदि वन्दे भारत का ठहराव श्रीडूंगरगढ़ पर हो, तो आमजन को दिल्ली सहित अन्य बड़े शहरों तक पहुँचने में अत्यधिक सुविधा मिल सकेगी।




