






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 अक्टूबर 2025। श्रीक्षत्रिय युवक संघ का मातृशक्ति प्राथमिक प्रशिक्षण शिविर श्रीडूंगरगढ़ के सेसोमूं स्कूल परिसर में गुरूवार को प्रारंभ हुआ। इस चार दिवसीय शिविर में सात जिले चूरू, नागौर, जोधपुर, जैसलमेर, गंगानगर, झुंझुनूं व बीकानेर जिले की 150 बालिकाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। शिविर का संचालन शायर कंवर अवाय (जैसलमेर) के निर्देशन में हो रहा है। स्वागत उद्बोधन में शिविर प्रमुखा शायर कंवर अवाय ने कहा कि क्षत्रिय कुल में हमारा जन्म सौभाग्य से हुआ है, देवताओं ने भी इसी परंपरा में क्षत्रिय माता को चुना है। क्षत्रिय युवक संघ द्वारा हमारी रक्त परंपरा के महत्व व संस्कारों का अर्जन करने के लिए संघप्रमुख लक्ष्मण सिंह बैण्याकाबास की ओर से आपके मस्तक पर तिलक लगा कर इस शिविर में स्वागत किया गया है। उन्होंने कहा कि यहां चार दिनों के प्रशिक्षण के बाद हमें जागरूक रहना है और समाज को दिशा देने में अग्रणी होना है। यहां जो सिखाया या बताया जा रहा है, उसे व्यवहारिक रूप से हमें स्वयं में उतारना है। शिविर में मातृशक्ति विभाग प्रमुख जोरावर सिंह भादला का भी सान्निध्य प्राप्त हो रहा है। वहीं श्रीडूंगरगढ़ प्रांत प्रमुख जेठूसिंह पुन्दलसर अपने सहयोगियों सहित व्यवस्था संभाल रहे हैं।





