






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 अक्टूबर 2025। जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने गुरुवार को श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत राजेडू में आयोजित सेवा शिविर का निरीक्षण किया। शिविर निरीक्षण के दौरान जिलाकलेक्टर ने गर्भवति महिलाओं की गोद भराई, दो भूमि के बंटवारे के कागज सौंप कर परिवारों को राहत दी। वहीं रेवेन्यू रिकॉर्ड सुजी की नकलें जारी की गई व टीबी के मरीजों को नि:शुल्क किट का वितरण किया गया। वृष्णि ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी, और इस दौरान पशु चिकित्सालय के लिए भूमि आवंटन की मांग ग्रामीणों द्वारा रखी गई। वृष्णि ने पशु चिकित्सालय के लिए भूमि आवंटन करने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त होने वाली परिवेदनाओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों के कार्यों का अवलोकन किया और विभागीय अधिकारियों को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का आमजन को अधिकाधिक लाभ मिले, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में जिला कलेक्टर ने राजस्व विभाग के कार्मिकों को कैंपों के दौरान संपादित होने वाले कार्यों की पूर्व तैयारी कर किसानों के शुद्धीकरण व बंटवारे संबंधी कार्यों को तत्परता से करने हेतु निर्देशित किया। शिविर निरीक्षण एवं जनसुनवाई के दौरान विभागीय अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ शीघ्र समाधान करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बीकानेर से आए सीईओ सोहनराम व उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा, तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा, पंचायत समिति के विकास अधिकारी मनोज कुमार धायल सहित विभिन्न विभागो के उपखण्ड स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहें।




