






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 दिसम्बर 2020। पंचायत चुनाव परिणामों के बाद श्रीडूंगरगढ़ की राजनीति में कई समीकरण बदलते नजर आ रहें है। क्षेत्र में गत विधान सभा चुनावों में भाजपा से बागी रहें किसनाराम नाई को पुनः भाजपा में शामिल करने की मांग उठने लगी है। प्रदेश में भाजपा में अभी भूलों को घर लौटाने का दौर चल रहा है और घनश्याम तिवाड़ी की भाजपा में वापसी होने के साथ ही बीकानेर जिले में देवीसिंह भाटी की वापसी की मांग खाजुवाला विधायक भी कर रहें है। वहीं आज श्रीडूंगरगढ भाजपा में नया ट्विस्ट आया और किसनाराम नाई को भाजपा में शामिल करने की मांग धनेरू सरपंच मोहनलाल स्वामी ने प्रदेशाध्यक्ष सतीश पुनियां से की है। स्वामी ने पत्र में कहा कि पूर्व विधायक किसनाराम नाई ने कांग्रेस बाहुल्य श्रीडूंगरगढ क्षेत्र भाजपा पार्टी को मजबूत करने के लिए अपना योगदान दिया। स्वामी ने किशनाराम नाई को पुन: भाजपा में शामिल करने की मांग करते हुए सतीश पुनियां को पत्र लिख कर फेक्स किया व ईमेल के माध्यम से भी भेज दिया है।



