






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अक्टूबर 2025। श्रीडूंगरगढ़ में करीब पांच सालों से पटवारी पद पर सेवारत मोहन कंवर ने कठिन परिश्रम के मार्ग पर चलकर आरएएस परीक्षा 2023 में 132वीं रैंक हासिल की है। बुधवार शाम को आरपीएससी ने आएएस-2023 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया। परीक्षा में कुल 972 पास अभ्यर्थियों को प्रशासनिक सेवा, पुलिस सेवा, लेखा सेवा और अधीनस्थ सेवाओं में नियुक्तियां मिलेगी। व्यवहारकुशल मोहन कंवर चारण का ये तीसरा प्रयास था और पूरे राजस्थान में उन्होंने सराहनीय सफलता हासिल की है। मोहन कंवर ने अपनी सफलता का सर्वाधिक श्रेय अपने पति कुलदीप चारण को दिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक व कॉलेज शिक्षा गांव चीला व श्रीबालाजी नागौर के सरकारी स्कूलों में, पूर्ण ग्रामीण परिवेश में पूरी हुई है। विवाह के बाद वे बीकानेर में सब इंस्पेक्टर शिवरतन सिंह के यहां बहू बनकर आई। ससुराल के पूरे परिवार ने उनका साथ दिया और पटवारी की नौकरी के साथ ही उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी। मोहनकंवर ने बताया कि 2018 में एक बार उन्होंने कोचिंग से अध्ययन किया परंतु उसके बाद निरंतर सेल्फ तैयारी में जुटी रही। उन्होंने तैयारी कर रहें अभ्यर्थियों से कहा कि वे कड़ी मेहनत के बल पर परीक्षा के पाठ्यक्रम को अक्षरश: ध्यान में रखते हुए, अध्ययन की निरंतरता अपनाकर सफलता हासिल कर सकते है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवाओं का मार्ग कठिन है और इसमें धैर्य और निरंतर अध्ययन ही सफलता के लिए मुख्य सूत्र है। मोहन कंवर को श्रीडूंगरगढ़ उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा, तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा, नायब तहसीलदार सुरजीत कुमार धायल व विनोद मीणा, गिरदावर शंकरलाल जाखड़, गिरधारीलाल, प्रह्लादसिंह, चैनसिंह, पटवारी हरिराम सारण, सीताराम, सुनीता चौधरी, लीला स्वामी व निकिता ने उन्हें परिणाम जारी होने के साथ ही बधाइयां दी। श्रीडूंगरगढ़ पटवारी वर्ग में प्रसन्नता का माहौल है वहीं मोहनकंवर के घर में उत्सव का माहौल छाया है। बधाइयों का व मुंह मीठा करवाने के लिए परिजनों का तांता लगा है।





