






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 अक्टूबर 2025। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में संघ द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। श्रीडूंगरगढ़ अंचल में पथसंचलन कार्यक्रम उत्साह के साथ पूर्ण होने के बाद संघ के मोमासर खंड द्वारा दीपावली के दिन पूनरासर धाम के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में पुस्तक “ध्येय यात्रा के 100 वर्ष” का विमोचन किया गया। मंदिर के पुजारी मोतीलाल द्वारा पुस्तक का विमोचन कर, स्वयंसेवकों को गृह संपर्क अभियान की शुभकामनाएं दी। खंड संघ चालक शिवरतन राजपुरोहित ने अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि संघ के कार्यकर्ता व्यापक गृह संपर्क अभियान के तहत भारत माता का चित्र करपत्र और ध्येय यात्रा के 100 वर्ष नामक पुस्तक को लेकर स्वयंसेवकों की टोलियां हर एक हिंदू घर तक पहुंच कर संपर्क करेंगे। उन्होंने स्वयंसेवकों से अभियान के माध्यम से हिंदू समाज को संगठित और जागृत करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया संघ स्थापना से 100 वर्ष पूर्ण कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। खंड कार्यवाह ओमप्रकाश लखारा ने बताया कि इस कार्यक्रम के बाद जनवरी माह में हर मंडल स्तर पर हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गृह संपर्क अभियान के तहत संघ द्वारा इन पत्रकों और पुस्तकों के माध्यम से संघ के ध्येय तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन, समरसता कुटुम्ब स्व का बौद्ध, पर्यावरण व स्वदेशी के भाव को लेकर स्वयंसेवक प्रत्येक हिन्दू घर पर पहुंचेगें। पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में ओमप्रकाश सिद्ध, रामवतार जोशी, दौलतराम सुथार, सहित अनेक स्वयंसेवक व पुजारी ट्रस्ट के सदस्य उपस्थित रहें।





