May 21, 2026
0_

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अक्टूबर 2025। सोने चांदी के आसमान छूते भाव और ऐसे में किसी की मेहनत की कमाई से बनवाए बेटी बहू के गहने चोरी हो जाए, तो परिवार बुरी तरह से मायूस हो जाता है। क्षेत्र के गांव मोमासर में एक महिला ने अपने बेटे के साथ थाने पहुंच कर अपना, बहू व बेटियों के गहने चोरी होने का आरोप लगाते हुए एक नामजद के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। थानाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि गांव मोमासर निवासी 50 वर्षीय जेठीदेवी पत्नी भंवराराम मेघवाल ने इसी गांव के निवासी कालूराम पुत्र गंगाराम मेघवाल पर चोरी करने का संदेह जताते हुए मामला दर्ज करवाया है। परिवादिया ने पुलिस को बताया कि वह गत 8 मई 2025 की रात वह अपने 3 साल के दोहिते के साथ घर में अकेली थी। रात करीब नौ दस बजे वह अपने कमरे के ताला लगाकर घर में ही सो गई, अगले दिन सुबह उठकर देखा तो कमरे के ताला नहीं है। जब कमरे में रखा सामान संभाला तो संदूक खुली पड़ी थी और संदूक में रखा एक थैला जिसमें सोने का लुंग, सोने की अंगूठी, चांदी का बोरिया, उसके बेटे ओमप्रकाश की बहू के एक जोड़ी सोने के बाजूबंद, एक चांदी की तागड़ी, चांदी की एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी सोने के बाले, दो बेटियों के एक एक जोड़ी सोने के बाले थेले सहित चोरी हो गए। उसने बाहर देखा तो गहनों की खाली डिब्बियां घर के पास ही स्थित बढ़ेर के सुने घर की बाखल में पड़े थे। यहां अज्ञात के पैरों के निशान थे, आस पास के लोगों को चोरी की जानकारी हुई तो कई दिन तक चोर व चोरी का सामान तलाश करते रहें। उन्हें जानकारी मिली कि घटना के दिन से ही गांव का कालूराम पुत्र गंगाराम मेघवाल गायब है। महिला ने कालूराम पर संदेह जताया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल रामस्वरूप को दी है।