






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 अक्टूबर 2025। श्रीडूंगरगढ़ कृषि मंडी व्यापार मंडल की बैठक मंडी प्रांगण में संपन्न हुई जिसमें सर्वसम्मति से व्यापारियों ने अनेक निर्णय लिए। व्यापार मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश भादू ने बताया कि मंडी की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिसमें आवक बढ़ने पर दो बोली चलाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। वहीं आवक बढ़ने के साथ ही दूसरा गेट भी खोले जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। मंडल ने निर्णय लिया कि मंडी के गेट रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक किसानी माल के लिए बंद रहेंगे। भादू ने बताया कि क्षेत्र के सभी किसानों से मूंगफली की चुगाई करके लाने का आग्रह व्यापारी कर रहें है। मूंगफली की ढेरी में लकड़ी, पत्थर आने पर उसकी बोली नहीं लगेगी। जिससे किसान परेशान ना हो तो सभी किसान अपने खेत से माल भरवाने से पूर्व ही कंकड़, पत्थर लकड़ी चुगाई करवा लेवें।
खरीद केंद्र मंडी से हटाने सहित उठाई कई मांगे, एसडीएम को दिया ज्ञापन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ कृषि मंडी व्यापार मंडल के सदस्य सोमवार को उपखंड कार्यालय पहुंचे और उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देते हुए मंडी से सरकारी खरीद केंद्र अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग की। व्यापारियों ने बताया कि खरीद केंद्र मंडी में होने से बेवजह व्यापारियों के प्रति नकारात्मक माहौल बन जाता है, जबकि मंडल का कोई व्यापारी खरीद में मूंगफली नहीं तुलवाता है। इससे मंडी से बाहर केंद्र होने से व्यापारी वर्ग सहज होकर कार्य कर सकेगा। वहीं ज्ञापन में व्यापारियों ने डेंगू के प्रकोप को देखते हुए मंडी परिसर में फोगिंग करवाने, मूंगफली आवक बढ़ने के दौरान घुमचक्कर से मंडी तक यातायात व्यवस्था दुरस्त करवाने के लिए पुलिस कार्मिकों की तैनाती करने, नगरपालिका को घुमचक्कर से रेलवे स्टेशन तक रोड लाइट लगवाने व मंडी गेट के पास दो स्पीड ब्रेकर बनवाने के निर्देश देने की मांग की। उपखंड अधिकारी ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।



