






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अक्टूबर 2025। दो बहनों का विवाह दो भाइयों से हुआ और विवाह के कुछ समय बाद ही दहेज के लिए प्रताड़ना देने लगे, एक विवाहिता ने थाने पहुंचकर पति सहित सास ससुर व बहन के पति के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। कालूबास निवासी लिछमा पुत्री जैसाराम जाट ने गांव कालू निवासी अपने पति कालूराम, बहन रामप्यारी के पति बाबूलाल, ससुर तोलाराम जाट, सास मधीदेवी के खिलाफ आरोप लगाए है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका व उसकी बहन रामप्यारी का विवाह 20 जून 2018 में आरोपियों के साथ हुआ। आरोपी दहेज के लिए दोनों बहनों को तंग परेशान करते हुए मानसिक व शारीरिक क्रुरता करने लगे। घर बसाने के लिए दोनों सहन करती रही परंतु कुछ समय पूर्व आरोपियों ने मारपीट कर दोनों को घर से निकाल दिया। 24 दिसंबर 2024 व 24 फरवरी 2025 को दोनों को ससुराल वाले ले गए। परंतु आरोपियों ने दो तीन माह तो कुछ नहीं कहा फिर दो लाख रूपए नगदी व सोने के कड़े पीहर से लेकर आने के लिए कहने लगे। आरोपी मारपीट करने लगे और 18 मई 2025 को दोनों बहनों को घर से निकाल दिया। आरोपियों ने जबरन उसकी 6 वर्षीय पुत्री को अपने पास रख लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई मोहनलाल को दी है।



