May 21, 2026
WhatsApp Image 2025-10-29 at 21.46.25

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अक्टूबर 2025। बाप दादा के पक्ष में कोर्ट का फैसला आया और उसके बावजूद भूखंड पर कब्जा करने की धमकी देते हुए उसके तार पट्टी तोड़ देने का मामला बुधवार को श्रीडूंगरगढ़ थाने में दर्ज हुआ है। थानाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि गांव सालासर निवासी पुराराम पुत्र नानकराम, चुन्नीलाल व अर्जुनराम पुत्र जेठाराम जाट ने इसी गांव के 11 जनों के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादियों ने रतनलाल पुत्र तारूराम, लक्ष्मीनारायण पुत्र भीखाराम, मालाराम पुत्र कुंभाराम, मालाराम का बेटा मांगीलाल, मुखराम पुत्र अर्जुनराम, ओमप्रकाश पुत्र जेठाराम, मालाराम पुत्र पोकरराम, परमेश्वर पुत्र कुन्नाराम, विजयपाल पुत्र मोहनराम, किशननाथ पुत्र श्रवणनाथ सिद्ध, शंकरलाल पुत्र मालाराम लूहार के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादियों ने पुलिस को बताया कि उनका पैतृक प्लॉट मय मकान आबादी सालासर गांव में स्थित है। परिवादी खेत में ढाणी बनाकर रहते है और इस भूखंड के संबंध में परिवादियों का प्रभुराम पुत्र टीकाराम, देवाराम पुत्र पेमाराम व बालूराम पुत्र ज्ञानाराम जाट ने कोर्ट में वाद दायर किया जिसका फैसला परिवादी के बाप दादा के पक्ष में आया था। इससे आरोपी उनके परिवार से रंजीश रखने लगे और परिवादी को भूखंड से बेदखल करने के लिए अलग अलग विभागों में झूठी शिकायतें करते रहें। परिवादी चुन्नीलाल व अर्जुनराम की माता का देहांत हो गया जिनका खर्च 22 अगस्त 2025 को हुआ। इस दौरान वे गांव में ही रहें और 24 अगस्त 2025 को परिवादी श्रीडूंगरगढ़ जाने के लिए टैक्सी पकड़ने जीएसएस के पास आए तो आरोपियों ने भूखंड पर कब्जा करने की धमकी दी। 26 अगस्त को वे पुन: अपने भूखंड पर गए तो वहां तार पट्टी टूटे हुए पाए व कुछ पट्टियां भी गायब थी। आरोपियों ने 25 अगस्त की रात करीब दो तीन बजे घटना को अंजाम दिया और पड़ौसी के मना करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई ग्यारसीलाल को सौंप दी है।