






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 अक्टूबर 2025। देश की आजादी के बाद देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के मौके पर देश भर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जा रहा है। राजस्थान पुलिस द्वारा भी सुबह 6.30 से 8.30 के बीच में पूरे राज्य में ये आयोजन किया गया। इसी क्रम में श्रीडूंगरगढ़ पुलिस द्वारा उत्साह के साथ सुबह 7 बजे रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। कालू रोड़ से नई बनी पूनरासर सड़क पर सीओ निकेत पारीक व सीआई जितेन्द्र कुमार की अगुवाई में कार्यक्रम संपन्न हुआ। यहां पुलिस जवानों सहित स्कूली बच्चों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एक किलोमीटर की दौड़ लगाई। इस दौरान सीओ निकेत कुमार ने देश की एकता एवं अखंडता के लिए प्रत्येक व्यक्ति को सजग रह कर अपने आस पास होने वाली किसी भी विधि-विरूद्ध कार्यवाही को रोकने, जाने-अनजाने उसका हिस्सा नहीं बनने की अपील की। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी जितेन्द्र कुमार ने उपस्थित लोगों को देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने के लिए एकता की शपथ दिलवाई एवं रन में शामिल सभी लोगों का आभार जताया। इस दौड़ में सेसोमूं स्कूल, भारती निकेतन उमावि के युवा विद्यार्थियों ने, आपणो गांव सेवा समिति, डॉ एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी, लायंस क्लब, नागरिक विकास परिषद आदि सामाजिक संस्थाओं के युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और स्वस्थ भारत का संदेश दिया। इस मौके पर जम कर भारत माता के जयकारे एवं सरदार पटेल अमर रहे के नारे गूंजे।





