






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 नवबंर 2025। श्रीडूंगरगढ़ के दक्षिण छोर के गांवो में गत करीब एक पखवाड़े से बेखौफ चोरों की गैंग घुसकर वारदातों को अंजाम दे रही है। बीती रात ग्रामीण, चोरों के पीछे रात भर भागते दौड़ते रहें और चोर तो चकमा देकर फरार हो गए, परंतु उनकी बाइक ग्रामीणों ने जब्त कर ली व सीसीटीवी फुटेज निकाल लिए है। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दे दी है।
अंचल के गांव सोनियासर मीठिया में सरपंच नंदकिशोर बिहाणी व गांव के युवा रात भर गाड़ी लेकर बासो के गांवों में दौड़ते रहें। बीती रात करीब 3.30 बजे गांव के पास एक खेत में मोटरसाइकिल खड़ी कर चोर गांव में घुसा। युवाओं ने उसकी मोटरसाइकिल जब्त कर ली व सरपंच सहित अनेक लोग मौके पर पहुंचे। चोर सोनियासर मीठिया ने सोनियासर शिवदानसिंह की ओर भागा। यहां लीलूराम पुत्र ईसरराम मेघवाल के घर में घुसा और 1 लाख रूपए नगदी ले भागा। तभी मीठिया से गाड़ी वहां पहुंची और चोर गांव में कहीं दुबक गया। गाड़ी की लाइट देखकर वह यहां वहां स्थान बदलता रहा। कुछ देर बाद उसने एक गाड़ी बुलाई और उसमें सवार होकर तेज रफ्तार में चोर फरार हो गए। ग्रामीणों ने सुबह पुलिस को सूचना दी है और हैड कांस्टेबल देवाराम पुलिस दल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर रहें है। संदिग्ध चोर गांव के सवाईसिंह राजपूत की दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हुआ है।
सरपंच नंदलाल बिहाणी ने बताया कि चोर ने गत तीन दिन पहले श्रवणराम पुत्र अन्नाराम मेघवाल के घर में घुसा और 3500 रूपए हाथ लगे तभी परिवार में जाग हो गई और चोर भाग छुटा। यही चोर गैंग इससे पहले गांव में जो हाथ लगे वही 25-25 हजार के बकरे, बकरियां उठा ले जाते और अपने साथियों को बुलाकर गाड़ी में डलवा कर फरार हो जाते है। करीब पांच दिन पहले भी ये तीन चार घरों में घुसा परंतु जाग होने पर भाग छुटा। एक पखवाड़े से बासो के गांव इनकी नजर में है। ये लगातार छोटी मोटी चोरियों को अंजाम दे रहें है।
बाइक पर आता है और सामान गाड़ी में लदवाता है।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इस चोर गैंग का एक चोर मोटरसाइकिल पर आता है। गांव के बाहर कहीं बाइक खड़ी कर पैदल घरों में घुसकर सीधे साधे ग्रामीणों के घर में गहनो, नगदी से लेकर पशुधन तक को निशाना बनाकर उठा लेता है। उसके बाद चोर द्वारा एक गाड़ी बुलाई जाती है और उस गाड़ी में सामान लदवा कर फरार हो जाते है। एक चोर वापस बाइक के पास रूक कर बाइक लेकर जाता है।
युवाओं ने दिखाई जागरूकता।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लगातार एक पखवाड़े से गांव के घरों में चोर के घुसने की वारदातें व छोटी मोटी चोरियों से ग्रामीण परेशान हो गए। गांव के युवा सोनू धानिया ने बताया कि युवाओं ने मिलकर चोर को पकड़ने के लिए सतर्कता बरतने की रणनीति बनाकर पहरा दिया। चोर के बाइक रोककर गांव में घुसने के बाद बाइक को बरामद किया। युवाओं ने आगे भी बहादूरी से सतर्कता के साथ गांव हित में योगदान देने की बात कही।





