






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 नवंबर 2025। गांव कल्याणसर नया की श्रीजसनाथजी पीड़ा ग्रस्त गौशाला समिति में आयोजित गौकृपा कथा में सोमवार को चौथे दिन कथा वाचिका साध्वी श्रद्धा गोपाल दीदी ने जन-सामान्य के जन-जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उनकी वैज्ञानिकता समझाई। साध्वी ने भारती भूमि पर जन्म लेने को सौभाग्य बताते हुए यहां की परंपराओं को समृद्धशाली बताया। उन्होंने पश्चिमी देशों की नकल या होड़ करने से बचने की प्रेरणा देते हुए देश के परंपरागत खान-पान, रहन-सहन की वैज्ञानिकता समझाई। साध्वी ने पंच गव्य का महत्व विस्तार से समझाया। उन्होंने अन्नप्राशन संस्कार, मुंडन संस्कार के बारे में जानकारी दी। वहीं देवी पुराण व भागवत कथा के अनेक प्रसंगो का उल्लेख करते हुए गाय को सभी देवताओं में श्रेष्ठ व पूज्य बताते हुए गौकृपा प्राप्त करने की बात कही। इस दौरान कथा में कल्याणसर नया सहित आस पास के गांवो से भी श्रद्धालु कथा श्रवण करने पहुंच रहें है। अनेक श्रद्धालु गौसेवा में भाव व सामर्थ्यानुसार योगदान व सहयोग भी दे रहें है। बता देवें सप्त दिवसीय कथा का मंगलवार को पांचवा दिन होगा। ग्रामीण रूटों पर समिति द्वारा बसों का संचालन किया जा रहा है जिससे श्रद्धालु कथा में शामिल हो सकते है। समिति सदस्य दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होने वाली कथा की विभिन्न व्यवस्थाओं में उत्साह पूर्वक अपनी सेवाएं दे रहें है।




