May 21, 2026
0000000000000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 नवंबर 2025। खेलों से छात्र जीवन श्रेष्ठ होता है। ये मानसिक व शारीरिक विकास के लिए ही नहीं वरन साथियों के साथ समायोजन, सहयोग का भाव सीखने के लिए भी जरूरी है। ये बात विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता के समापन समारोह में कही। समारोह में विशिष्ट अतिथि समाजसेवी तोलाराम जाखड़ ने बालिकाओं को दैनिक जीवन में भी स्वयं के स्वास्थ्य के प्रति भी गंभीर बनने की प्रेरणा दी। जाखड़ ने कहा कि हमारी संस्कृति व समाज में कन्या का स्थान सर्वोच्च है और वर्तमान समय में जरूरी है कि बालिकाएं खेलों को अपनाएं। बालिकाएं खूब पढ़ें खेलें और आगे बढ़े। समारोह में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सरोज पूनियां वीर, प्राचार्य पवन शर्मा, शारीरिक शिक्षक सुरेन्द्र सिंह, सेवानिवृत प्राचार्य जैतासर पन्नालाल, सीबीईओ कार्यालय के यूडीसी हरिसिंह समारोह में शामिल हुए। आयोजन विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुलोचना आर्य ने बताया कि ऑल ऑवर विजेता का खिताब जूनियर वर्ग में जैतासर टीम और सीनियर वर्ग में पूगल की टीम को दिया गया। विभिन्न प्रकार की 16 प्रतियोगिताओं में इन दोनों टीमों ने सर्वाधिक पदक हासिल किए। जिले भर से 8 टीमें प्रतियोगिता में शामिल हुई। समारोह में सभी खेलों में विजेता खिलाड़ी बालिकाओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। सुलोचना आर्य ने दानदाता तोलाराम जाखड़ द्वारा बालिकाओं के मैडल व ट्राफी के लिए आर्थिक सहयोग दिया गया। आर्य ने जाखड़ सहित सभी अतिथियों का आभार जताया।