May 21, 2026
माननीयों, आपकी हरकत सरकारी आदेशों की अवहेलना ही नहीं कई मासूमों के जीवन से खिलवाड़ है..

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 नवंबर 2025। सड़क सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों की श्रीडूंगरगढ़ में धज्जियां उड़ाई जा रही है। कुछ दबंग यहां स्वयं को कानून और व्यवस्था से ऊपर मानते है और आमजन की तरह सरकारी आदेश ही नहीं नागरिक आचार संहिता का भी पालन करने की जहमत नहीं उठाते।
सरकारी तंत्र भी इनके आगे बेबस है, क्योंकि रूतबा बोलता है। कई शिकायतों के बाद भी इन पर कार्रवाई तो दूर इनके अवैध कार्य को नहीं दोहराने के लिए पाबंद भी नहीं किया जाता है। ऐसे ही कुछ दबंग श्रीडूंगरगढ़ में सरकार के सड़क सुरक्षा अभियान का सरेआम मजाक बना रहें है। नेशनल हाइवे अथॉरिटी को जिला प्रशासन ने बकानेर से सीकर तक हाइवे पर बने ब्लैक स्पॉट के अवैध कट तुरंत बंद करने के लिए सख्त निर्देश दिए। एनएचआई की टीम इस कार्य में लगी है। रविवार को श्रीडूंगरगढ़ में दिन भर एनएचआई की टीम ने करीब 40 से अधिक लोगों को अवैध अतिक्रमण हटाने के नोटिस दिए। कई होटल व ठेला संचालकों को नोटिस थमा कर हाइवे से 30 मीटर तक की जगह खाली करने के आदेश की पालना करने की बात कही है। वहीं टीम द्वारा रविवार को रूद्रा पेट्रोल पंप के पास, आशीष पेट्रोल पंप के पास व गणपति धर्मकांटे के पास हाइवे पर लगे अवैध कट बंद करने की कार्रवाई की। परंतु हर बार की तरह इस बार भी नियमों की धज्जियां उड़ा दी गई और रात को ही यहां किया गया निर्माण हटा दिया गया। टीम सदस्यों ने बताया कि ये तीनों दुर्घटनाओं के लिए ब्लैक स्पॉट में शामिल है और इन अवैध कटों को अनिवार्यता के साथ बंद किया जाना जरूरी है। यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी है। एनएचआई टीम के अधिकारी ने गत समय भी ऐसी हरकत पर उपखंड अधिकारी व पुलिस प्रशासन को लिखित परिवाद देकर इनके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की। वहीं सोमवार को पुन: टीम के अधिकारी प्रशासन से मिलकर श्रीडूंगरगढ़ और सेरूणा में अनाधिकृत कटो को तोड़कर खोल लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। एनएचआई के अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासनिक अधिकारी टीम पर अवैध कट बंद करने का दबाव बना रहें है और इन्हें बंद करने पर कुछ लोगों द्वारा अवैध ढंग से पुन: खोलने का काम किया जा रहा है। टीम ने पेट्रोल पंप व होटल संचालकों द्वारा अवैध कट खोले जाने की शिकायत देते हुए टीम द्वारा सोमवार को इन्हें पाबंद करने व इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की जाएगी।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रुद्रा पंप के पास बंद किया अवैध कट।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गणपति धर्मकांटा के पास रविवार को बन्द किया अवैध कट रात को पुनः तोड़ दिया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स।हाइवे पर बन्द किये गए अवैध कट को रविवार रात फिर से किया शुरू, तोड़ा हाइवे का निर्माण।