






गुसाईंसर बड़ा में आज होगा नखत बन्ना का जागरण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव गुसाईंसर बड़ा में आज शाम नखत बन्ना के जागरण का आयोजन होगा। पुजारी नानूराम गोदारा ने बताया कि लूणकरणसर के कुरूड़दास स्वामी द्वारा मंदिर परिसर में गुरूवार विशाल भंडारा व जागरण का आयोजन संपन्न करवाया जाएगा। जागरण में वाद्य यंत्र डेरू के साथ कलाकार भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। भजन कलाकार मुकेश लोहरा भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। तुलसीराम गोदारा व सोहनलाल गोदारा सहित अनेक श्रद्धालु आयोजन की तैयारियों में जुटे है।

1 दिसंबर को होगा गीता जयंती महोत्सव, मूंधड़ा मंदिर में तैयारियों शुरू।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आड़सर बास के श्रीसत्यनारायण (मूंधड़ा) मंदिर में आगामी 1 दिसंबर को गीता जयंती पर्व धार्मिकता के साथ मनाया जाएगा। पुजारी जगदीश शर्मा ने बताया कि एक दिसंबर को मंदिर में सुबह 10 बजे से 1 बजे तक गीताजी के 18 अध्याय का वाचन किया जाएगा। गीता पाठ पूज्य स्वामी रामसुखदासजी महाराज के रिकॉर्ड प्रवचन को सुना जाएगा। इसके साथ श्रद्धालु यहां 18 अध्याय का पाठ पूर्ण कर गीता जयंती मनाएंगे। मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं ने आयोजन की तैयारियां व प्रचार प्रसार प्रारंभ कर दिया है।

प्रवासी परिवार ने गौशाला में गौवंश को खिलाया लापसी भंडारा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दुलचासर की श्रीगोपाल गौशाला में दुलचासर निवासी व मुंबई प्रवासी मोतीलाल, हुकमचंद, मनोहरलाल, नंदकिशोर मूंधड़ा परिवार गुरूवार सुबह गौशाला पहुंचा। परिवार की इंदिरा देवी, रोहित, जितेंद्र, निलेश, पिंकी व राहुल करनाणी, ज्योति तापड़िया ने गौशाला का अवलोकन किया। गौशाला की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली व आगामी सहयोग का आश्वासन भी दिया। सभी ने गौशाला में लापसी का भंडारा अपने हाथों से गौवंश को खिलाया। गौशाला समिति के सचिव रेवंत सिंह ने बताया कि समिति सदस्यों ने दुपट्टा पहनाकर सभी का स्वागत किया व आभार जताया।




