






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 जनवरी 2026। कम दहेज देकर समाज के नाक कटवा देने, दहेज में एक कार व पांच लाख की उम्मीद होने के ताने देकर एक विवाहिता से मारपीट कर ससुराल के घर से निकाल दिया। पीड़िता ने श्रीडूंगरगढ़ थाने में मामला दर्ज करवाया है।
गांव जाखासर निवासी 21 वर्षीय पूजा कंवर पुत्री सुमेर सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह मार्च 2020 में अशोकसिंह पुत्र श्रवणसिंह राजपूत निवासी सूरतसिंहपुरा, मुंडसर के साथ हुआ। पीड़िता ने बताया कि उसी समय उसकी बड़ी बहन प्रियंका का विवाह जेठ कानसिंह के साथ हुआ। परिवादिया ने पति अशोकसिंह, ससुर श्रवणसिंह, सास अच्छन कंवर, ननद सोना के खिलाफ दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए। उसने बताया कि विवाह के बाद ही आरोपी दोनों बहनों को कम दहेज के लिए ताने देने लगे। आरोपी दो लड़कों का विवाह करने पर भी मन माफिक दहेज नहीं मिलने की शिकायत करते। एक कार व पांच लाख नगदी की उम्मीद होने की बात कहते। परेशान होकर बहन व जेठ अलग रहने लगे तो आरोपियों की पीड़िता के साथ प्रताड़ना बढ़ गई। आरोपियों ने मार्च 2024 में उसके साथ मारपीट करते हुए दहेज की मांग की तो उसके पिता ससुराल आए। आरोपियों ने उसे धक्के देकर घर से निकाल दिया और घर बसाने से मना कर दिया। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने व स्त्रीधन बरामद करवाने की मांग पुलिस से की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई राजेंद्र कुमार को सौंप दी है।



