May 20, 2026
00000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 मार्च 2026। श्रीडूंगरगढ़ थाने में कई मामलों में आरोपी युवक ने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक राह चलते गाड़ी को रूकवाया व रंगदारी वसूल करने का प्रयास किया। मना करने पर परिवार के साथ मारपीट कर धमकाने के आरोप में सेरूणा थाने में मामला दर्ज हुआ है। विदित रहें इस मामले में मारपीट का एक वीडियो भी वायरल हुआ है।
सेरूणा थाने में लिखमीसर दिखनादा निवासी 70 वर्षीय अमराराम पुत्र शिवनाथराम जाट ने इसी गांव के शिवकरण पुत्र ईश्वरराम, रामनिवास पुत्र नानूराम और कल्याणसर पुराना निवासी रामनिवास पुत्र बीरबलराम व अन्य दो जनों के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 21 मार्च 2026 को उसका बेटा सांवरमल व पौत्र प्रकाश घर में होने वाले विवाह समारोह के लिए रिश्तेदारों के यहां कार्ड वितरण करने गए थे। जब वे रात करीब 10.45 बजे लिखमीसर उत्तरादा पहुंचे तो एक कैंपर गाड़ी में सवार आरोपियों ने उनकी कैंपर के आगे अपनी गाड़ी लगाकर जबरन रोक लिया। आरोपियों ने उनकी गाड़ी की चाबी निकाल ली, हाथों में लाठियां लेकर धमकाते हुए शराब के लिए रूपए मांगे। जब रूपयों के लिए मना किया तो आरोपियों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बचाओ बचाओ का शोर करने पर कुछ ग्रामीण दौड़कर आए तो आरोपी मौके से भाग गए। अगले दिन 22 मार्च को रामनिवास ने दोपहर 1.39 बजे व्हाट्सएप कॉल किया और रूपए नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसी दिन परिवादी की पत्नी व घर की अन्य महिलाएं किसी घरेलू कार्य से बादनूं जा रही थी, जब उनकी गाड़ी लिखमीसर उतरादा ठेके के पास पहुंची तो आरोपियों ने बिना नबंर की कैपंर गाड़ी आगे लगाकर उनकी गाड़ी रूकवा ली और मारपीट करने लगे। राह चलते लोगों ने बीच बचाव कर छुड़वाया। रामनिवास के साथी मौके से भाग गए और लोगों ने रामनिवास को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई सुरेश कुमार को सौंप दी है।