May 20, 2026
WhatsApp Image 2026-04-12 at 18.59.36

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 अप्रैल 2026। श्रीडूंगरगढ़ शहर की बेतरतीब सीवरेज सिस्टम में सुधार की आस लगाए बैठी बेहाल जनता को अब इसके व्यवस्थित होने की उम्मीद पूरी होने की आस जागी है। रविवार को विधायक ताराचंद सारस्वत ने अधिशाषी अधिकारी श्रीवर्धन शर्मा, मेसर्स एसकेसी-एईटी-जेवी एवं संबंधित अधिकारियों के साथ कार्यालय में एक बैठक का आयोजन कर सीवरेज प्रोजेक्ट की विस्तृत समीक्षा की। विधायक ने अधिकारियों को प्रोजेक्ट को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। ईओ श्रीवर्द्धन शर्मा ने बताया कि 13 अप्रैल को शाम 5 बजे कालूबास स्थित पाराशर मंदिर के पास सीवरेज सिस्टम डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक ताराचंद सारस्वत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार मेसर्स एसकेसी-एईटी-जेवी द्वारा इस प्रोजेक्ट के तहत श्रीडूंगरगढ़ के कालूबास क्षेत्र में आधुनिक सीवरेज प्रणाली विकसित की जाएगी। योजना के अंतर्गत कुल 17,780 मीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी तथा 3 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट की कुल लागत लगभग ₹19.3 करोड़ निर्धारित की गई है। परियोजना के तहत घर-घर कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे, जिससे शौचालय, रसोई एवं बाथरूम का गंदा पानी सीधे सीवर लाइन से जुड़ सकेगा। कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाएगा, जिससे प्रभावी प्रवाह सुनिश्चित हो सके तथा नियमित निरीक्षण एवं रखरखाव में सुविधा मिले। एसटीपी में उन्नत तकनीक का उपयोग कर सीवेज का उपचार किया जाएगा।